राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने शनिवार को आरोप लगाया कि 2024 में होने वाले आम चुनावों के करीब आने के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांप्रदायिक हिंसा भड़काने की योजना बना रही है और पश्चिम बंगाल तथा गुजरात में हुई हालिया घटनाएं इसका ‘‘ट्रेलर’’ हैं।
पश्चिम बंगाल के हावड़ा शहर में बृहस्पतिवार को रामनवमी पर शोभायात्रा निकाले जाने के दौरान दो समूहों के बीच हिंसक झड़प हो गई थी। इसे लेकर भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) दोनों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए हैं। रामनवमी के दौरान गुजरात और महाराष्ट्र से भी हिंसा की खबरें मिली थीं।
निर्दलीय सदस्य के रूप में राज्यसभा सांसद चुने गए थे
सिब्बल ने ट्वीट किया, ‘‘2024 नजदीक आ रहा है, ऐसे में भाजपा इन योजनाओं पर काम कर रही है-1.सांप्रदायिक हिंसा, 2.नफरती भाषण एवं सामग्री, 3.अल्पसंख्यकों को प्रताड़ित करना, 4.ईडी (प्रवर्तन निदेशालय), सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो), निर्वाचन आयेाग का इस्तेमाल कर विपक्ष को निशाना बनाना।’’ उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, महाराष्ट्र और गुजरात में हुई हिंसा की घटनाएं इसका ‘ट्रेलर’ हैं।
संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के पहले और दूसरे कार्यकाल में केंद्रीय मंत्री रहे सिब्बल ने पिछले साल मई में कांग्रेस छोड़ दी थी और समाजवादी पार्टी (सपा) के समर्थन से निर्दलीय सदस्य के रूप में राज्यसभा सांसद चुने गए थे।


Download Android App
Download iOS App



