भाजपा ने ‘पुलवामा’ पर राहुल के बयान पर कहा – गांधी परिवार फायदे के अलावा और कुछ सोच ही नहीं सकता

Summary :

भाजपा ने पुलवामा आतंकी हमले की बरसी पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए शुक्रवार को कहा कि पुलवामा नृशंस हमला था और गांधी परिवार फायदे के अलावा और कुछ सोच ही नहीं सकता।

जम्मू-कश्मीर के पुलवामा हमले को आज पूरा एक साल हो गया है। यह हमला 14 फरवरी 2019 को हुआ था. इस बड़े आतंकी हमले में 40 जवान शहीद हो गए थे। इस हमले ने पूरे हिंदुस्तान को झकझोर कर रख दिया था।

पुलवामा हमले की बरसी पर राहुल ने शहीद जवानों को किया याद, सरकार से पूछे ये सवाल

आतंकी हमले की पहली बरसी पर राहुल गांधी के बयान को लेकर भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने अपने ट्वीट में राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा ‘‘पुलवामा में हुआ हमला नृशंस आतंकी हमला था और यह (राहुल का) एक नृशंस बयान है कि किसको फायदा हुआ।’’

गौरतलब है कि पुलवामा हमले की बरसी पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक ट्वीट कर पूछा था कि अभी तक हमले की जांच का क्या हुआ? आखिर इससे किसे फायदा हुआ? पात्रा ने कहा, ‘‘ मिस्टर गांधी, क्या आप फायदे के आगे भी सोच सकते हैं ? जाहिर तौर पर नहीं ।’’ भाजपा प्रवक्ता ने कहा ‘‘यह तथाकथित गांधी परिवार फायदे के अलावा और कुछ सोच ही नहीं सकता । वे सिर्फ भौतिक रूप से ही भ्रष्ट नहीं हैं।..उनकी आत्माएं भी भ्रष्ट हैं ।’’ 

Desk Team