नयी दिल्ली : ‘यस बैंक’ के गिरफ्तार संस्थापक राणा कपूर को कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा द्वारा अपनी एक पेंटिंग बेचने पर भाजपा ने सोमवार को चुटकी ली। पार्टी ने प्रियंका और उनके पति रॉबर्ट वाड्रा को राजनीति का ‘‘बंटी एवं बबली’’ करार देते हुए आरोप लगाया कि दूसरों की संपत्ति से धन बनाने में वे निपुण हैं।
कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को यह कहते हुए खारिज कर दिया कि लेन-देन में कोई अवैध मामला नहीं है क्योंकि पार्टी की महासचिव ने धनराशि चेक में (दो करोड़ रुपये) ली थी और 2010 के आयकर रिटर्न फाइल करने में इसका जिक्र किया था।भाजपा प्रवक्ता जी वी एल नरसिम्हा राव ने कहा कि प्रियंका के पति रॉबर्ट वाड्रा पर ‘‘संदिग्ध रियल इस्टेट लेन-देन के माध्यम से लाभ कमाने’’ के आरोप हैं। उन्होंने कहा कि कपूर से एक पेंटिंग के लिए दो करोड़ रुपये हासिल करना दिखाता है कि शक्तिशाली दंपति ने अपनी राजनीतिक ताकत का इस्तेमाल ‘‘निजी लाभ’’ के लिए किया।
राव ने आरोप लगाए, ‘‘वे उन लोगों को संरक्षण और सुरक्षा देने की पेशकश करते हैं जो वित्तीय धोखाधड़ी में संलिप्त हैं।वाड्रा दंपति को ठगी और सवालिया तरीकों के लिए राजनीति का ‘बंटी और बबली’ कहा जा सकता है।’’ ‘बंटी और बबली’ एक हिंदी फिल्म थी जिसमें दो मुख्य किरदार लोगों से ठगी करते हैं। भाजपा के राज्यसभा सदस्य ने कहा, ‘‘कांग्रेस के प्रथम परिवार ने खुद को समृद्ध करने के लिए भ्रष्ट और संदिग्ध तरीके अपनाए हैं। इसके अलावा उन्होंने राज्य में पार्टी की सरकारों और विगत में केंद्र सरकार में भी व्यापक भ्रष्टाचार किए। पेंटिंग की कथित बिक्री के माध्यम से उन्होंने धनशोधन किया।’’
कांग्रेस ने इन आरोपों को मोदी सरकार की ध्यान भटकाने वाली युक्ति बताते हुए इनसे इंकार किया है। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने पूछा कि एम एफ हुसैन द्वारा बनाई गई राजीव गांधी की पेंटिंग को दस वर्ष पहले प्रियंका गांधी द्वारा ‘यस बैंक’ के मालिक राणा कूपर को बेचा जाना और इसका अपने आयकर रिटर्न में खुलासा करने का मोदी सरकार द्वारा दो लाख करोड़ रुपये का ऋण देने से कैसे संबंध हो सकता है। यस बैंक में कथित वित्तीय अनियमितताओं और कुप्रबंधन के आरोपों में प्रवर्तन निदेशालय ने कपूर (62) को मुंबई में गिरफ्तार किया था।


Download Android App
Download iOS App



