भारतीय जनता पार्टी के सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने पतंजलि प्रोडक्ट पर सवालिया निशान लगाते हुए एक बार फिर बाबा रामदेव पर जोरदार हमला किया है। यूपी की कैसरगंज लोकसभा सीट से सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने बाबा रामदेव को नकली खाद्य पदार्थ बेचने वालों का सम्राट बताया है। उन्होंने कहा कि बाबा राम देव नकली खाद्य पदार्थ बेचने वालों के सम्राट हैं।
बीजेपी सांसद बृज भूषण शरण सिंह का बयान

बता दें, बीजेपी सांसद शनिवार को बलरामपुर में बने अपने डिग्री कॉलेज शक्ति स्मारक संस्थान में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उनके साथ बलरामपुर सदर विधायक पलटूराम और तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला भी मौजूद थे, बीजेपी सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने कहा कि नकली माल देश में भरा पड़ा है। बहुत से ऐसे तमाम लोग और भी हैं। बीजेपी सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने कहा कि अगर असली देशी घी बनाकर बेचा जाए तो उसकी कीमत दो हजार रुपए से कम नहीं होगी, लेकिन आज असली देशी घी के नाम पर नकली देशी घी बेचा जा रहा है। उन्होंने लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि अपने-अपने घरों में गाय, भैंस पालें, ताकि असली देशी घी मिल सके और सब लोग उसे खा सके।
मिलावट वाली चीजें न खाने की अपील

बीजेपी सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने लोगों से मिलावट वाली चीजें न खाने की अपील की और कहा कि कहीं भी न्योता में जाओ तो पनीर न खाओ। उन्होंने दावा किया कि चार किलो दूध में दो किलो डिटर्जेंट पड़ा होता है। इससे आपके शरीर को नुकसान पहुंचता है। पूरे मार्केट में इस तरह का पनीर खूब बेचा जा रहा है। पिछले साल दिसंबर में बीजेपी सांसद बृज भूषण शरण सिंह ने किसान हितों के लिए खडे़ होने का दावा करते हुए कहा कि रामदेव ऋषि पतंजलि के नाम का दुरुपयोग करके करोड़ों का व्यापार कर रहे हैं, जबकि पतंजलि की जन्मस्थली उपेक्षित है। बाद में इस पर पतंजलि की ओर से कानूनी नोटिस भी भेजा गया।


Download Android App
Download iOS App



