By-Election : 4 राज्यों की 4 विधानसभा और 1 लोकसभा सीट पर उपचुनाव जारी, 16 अप्रैल को घोषित होंगे नतीजे

Summary :

छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ विधानसभा सीट, पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट और बालीगंज विधानसभा सीट, बिहार की बोचहा विधानसभा सीट और महाराष्ट्र की कोल्हापुर उत्तर विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं।

देश के चार राज्यों में एक लोकसभा और चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। इनमें छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ विधानसभा सीट, पश्चिम बंगाल की आसनसोल लोकसभा सीट और बालीगंज विधानसभा सीट, बिहार की  बोचहा विधानसभा सीट और महाराष्ट्र की कोल्हापुर उत्तर विधानसभा सीट शामिल है। इन चुनावों के नतीजे 16 अप्रैल को घोषित किए जाएंगे।
दांव पर पर बाबुल सुप्रियो और शत्रुघ्न सिन्हा की किस्मत 
पश्चिम बंगाल में बाबुल सुप्रियो ने बीजेपी और आसनसोल के सांसद के रूप में इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद यह सीट खली हो गयी थी, जबकि बालीगंज का प्रतिनिधित्व करने वाले राज्य के मंत्री सुब्रत मुखर्जी का पिछले साल निधन हो गया था। इन कारणों से इन दोनों सीटों पर मतदान हो रहा है।
आसनसोल से तृणमूल ने अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा और बीजेपी ने आसनसोल दक्षिण से विधायक अग्निमित्र पॉल को उम्मीदवार बनाया है। बालीगंज में तृणमूल ने सुप्रियो, बीजेपी ने केया घोष और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने सायरा शाह को मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने भी दोनों सीट पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं।
छत्तीसगढ़ में 3 दलों के बीच मुख्य मुकाबला
जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के विधायक देवव्रत सिंह के निधन के बाद रिक्त हुई इस सीट के लिए 10 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला सत्ताधारी दल कांग्रेस, मुख्य विपक्षी दल बीजेपी और जनता कांग्रेस के बीच होने की संभावना है।
खैरागढ़ विधानसभा सीट पर ज्यादातर समय कांग्रेस का कब्जा रहा है, लेकिन 2018 में बीजेपी के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर के बावजूद कांग्रेस इस सीट को नहीं जीत सकी थी। इस सीट पर पार्टी को तीसरे स्थान पर ही संतोष करना पड़ा था। इस चुनाव में कांग्रेस ने राज्य की कुल 90 सीट में से 68 पर, बीजेपी ने 15 सीट पर और जनता कांग्रेस तथा बहुजन समाज पार्टी (बसपा) गठबंधन ने सात सीट पर जीत हासिल की थी।
खैरागढ़ उपचुनाव के लिए बीजेपी ने एक बार फिर पूर्व विधायक कोमल जंघेल को चुनाव मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने महिला उम्मीदवार यशोदा वर्मा पर भरोसा जताया है। जंघेल और वर्मा दोनों अन्य पिछड़ा वर्ग के लोधी जाति से संबंधित हैं। खैरागढ़ क्षेत्र में लोधी जाति की संख्या अधिक है। वहीं, जनता कांग्रेस ने उपचुनाव के लिए वकील और खैरागढ़ राजपरिवार के दामाद नरेंद्र सोनी को अपना उम्मीदवार बनाया है।
बिहार की बोचहा विधानसभा सीट पर उपचुनाव
बिहार की बोचहा विधानसभा सीट पर उपचुनाव विधायक मुसाफिर पासवान के निधन के कारण हो रहा है, जिन्होंने बॉलीवुड सेट डिजाइनर से नेता बने मुकेश साहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के टिकट पर जीत हासिल की थी। वीआईपी ने अब गीता देवी को मैदान में उतारा है। वहीं, बीजेपी ने बैबी कुमारी को टिकट दी है। 
कांग्रेस विधायक की मौत के बाद खाली हुई कोल्हापुर उत्तर विधानसभा सीट
महाराष्ट्र में कोल्हापुर उत्तर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मंगलवार को मतदान जारी है। दिसंबर 2021 में कोविड​​​​-19 से कांग्रेस विधायक चंद्रकांत जाधव की मृत्यु से यह सीट रिक्त हो गयी थी, इस कारण यहां उपचुनाव कराए जा रहे हैं। चुनाव मैदान में 15 उम्मीदवार हैं और मुख्य मुकाबला राज्य में महाविकास अघाड़ी नीत सरकार के घटक दल कांग्रेस और विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के बीच होने की संभावना है। दिवंगत विधायक की पत्नी जयश्री जाधव कांग्रेस की उम्मीदवार हैं, जबकि भाजपा ने सत्यजीत कदम को चुनाव मैदान में उतारा है। जिला प्रशासन के अनुसार, 2.90 लाख से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए 357 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। 

Desk Team