देशभर में कमजोर पड़ सकता है टीकाकरण अभियान, जुलाई में राज्यों को सिर्फ 12 करोड़ टीके मुहैया कराएगी केंद्र

Summary :

केंद्र सरकार ने कहा था कि वह जुलाई या फिर अगस्त से हर दिन करीब 1 करोड़ टीके लगाकर इस साल के अंत तक देश की व्यस्क आबादी का टीकाकरण पूरा कर लेंगे।

कोरोना महामारी से बचाव के लिए देशभर में टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है, जिसको लेकर केंद्र सरकार ने कहा था कि वह जुलाई या फिर अगस्त से हर दिन करीब 1 करोड़ टीके लगाकर इस साल के अंत तक देश की व्यस्क आबादी का टीकाकरण पूरा कर लेंगे। हालांकि, 1 दिन में 1 करोड़ टीके लगाए जाने का लक्ष्य अगले महीने भी पूरा होता नहीं दिख रहा है। दरअसल, जुलाई में केंद्र सरकार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कोरोना वैक्सीन की 12 करोड़ खुराकें मुहैया करवाएगी। इसमें से 10 करोड़ डोज कोविशील्ड की होंगी और 2 करोड़ खुराकें कोवैक्सीन की होगी।
कोरोना वैक्सीन की 12 करोड़ खुराकों में से 75 फीसदी को केंद्र द्वार राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को दिया जाएगा तो वहीं नई वैक्सीन नीति के अंदर 25 फीसदी टीके निजी अस्पतालों को मिलेंगे। बता दें कि 21 जून से 27 जून का हफ्ता टीकाकरण के लिहाज से भारत के लिए सबसे बेहतर रहा है। इस हफ्ते में हर दिन औसतन 60 लाख टीके लगे हैं। 12 करोड़ टीकों के हिसाब से हर दिन औसतन देश में 40 लाख खुराकें दी जाएंगी। जून महीने में रविवार यानी 27 जून तक देश के अंदर 10.6 करोड़ खुराकें लगाई गई हैं। सिर्फ इसी हफ्ते  देश में 4.2 करोड़ खुराकें दी गई हैं। 
बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय आगामी महीने के लिए राज्यों को पहले से ही यह जानकारी दे देता है कि उन्हें टीके की कितनी डोज मिलने वाली हैं, ताकि टीकाकरण का संचालन उसी के अनुरूप हो सके। देश में फिलहाल कोविशील्ड और कोवैक्सीन, इन 2 टीकों के जरिए केंद्र सरकार टीकाकरण अभियान चला रही है। इसके अलावा रुसी वैक्सीन स्पूतनिक वी को भी कुछ निजी अस्पतालों में उपलब्ध कराया गया है। भारत में अभी तक कुल 26.5 करोड़ लोगों को कोरोना टीके की 37.1 करोड़ खुराकें दी जा चुकी हैं। 

Desk Team