टीकाकरण को रफ्तार देने के लिए केंद्र का फैसला, भारत बायोटेक के अंकलेश्वर संयंत्र में वैक्सीन उत्पादन की दी मंजूरी

Summary :

स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने मंगलवार को कहा कि सरकार ने भारत बायोटेक के अंकलेश्वर स्थित संयंत्र को कोविड-19 टीके कोवैक्सीन के उत्पादन की मंजूरी दे दी है।

केंद्र की मोदी सरकार ने देश में जारी टीकाकरण अभियान को रफ्तार देने के लिए एक बहुत ही अहम और बड़ा फैसला लिया है, दरअसल केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक तथा स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने मंगलवार को कहा कि सरकार ने भारत बायोटेक के अंकलेश्वर स्थित संयंत्र को कोविड-19 टीके कोवैक्सीन के उत्पादन की मंजूरी दे दी है। मंडाविया ने ट्वीट किया, ‘‘भारत सरकार ने भारत बायोटेक के गुजरात के अंकलेश्वर संयंत्र में टीके के उत्पादन की अनुमति दे दी है।’’

इस मंजूरी से देश में कोविड-19 के टीके की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण ‘सबको वैक्सीन मुफ्त वैक्सीन’ के अनुरूप इससे टीके की उपलब्धता बढ़ाने में मदद मिलेगी।’’इस साल मई में भारत बायोटेक ने कहा था कि वह अपने अंकलेश्वर संयंत्र में कोवैक्सीन की 20 करोड़ अतिरिक्त खुराक का उत्पादन करने की योजना बना रही है।
टीकाकरण अभियान को लेकर स्‍वास्‍थ्‍य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि अभी भी राज्‍यों और केंद्र शासित प्रदेशों और प्राइवेट अस्‍पतालों के पास 2.07 करोड़ डोज उपलब्‍ध है, सभी सोर्सेज से अब तक 52.56 करोड़ वैक्‍सीन की डोज उपलब्‍ध कराई जा चुकी है। 48,43,100 वैक्‍सीन डोज सप्‍लाई लाइन में है। मंत्रालय ने बताया कि नेशनल वैक्‍सीनेशन ड्राइव के तहत अबतक 51.45 करोड़ वैक्‍सीन डोज लगाई जा चुकी है। मोदी सरकार पहले ही सभी के लिए मुफ्त वैक्‍सीन का एलान कर चुकी है। 

Desk Team