राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि वह राज्य सरकार द्वारा लागू की गईं पांच कल्याणकारी योजनाओं को देशभर में लागू करें।गहलोत ने बुधवार को बीकानेर के राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड में नौकरी मेले के अंतिम दिन युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की पूरे देश में चर्चा है।
देश की समस्या बेरोजगारी और महंगाई है
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को राज्य सरकार द्वारा लागू की गई पुरानी पेंशन योजना, मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना और उड़ान योजना को देशभर में लागू करना चाहिए ताकि आमजन को आर्थिक और सामाजिक संबल मिल सके।
उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई गंभीर समस्याएं हैं, लेकिन राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं के सपने साकार करने में कोई कमी नहीं छोड़ेगी।गहलोत ने कहा कि युवाओं को राजकीय और निजी क्षेत्र में रोजगार प्रदान कराना उनकी सरकार की प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा अभी राजकीय क्षेत्र में 1.35 लाख नौकरियां दी जा चुकी हैं, लगभग 1.25 लाख प्रक्रियाधीन हैं तथा एक लाख नौकरियां और देने की घोषणा की गई है तथा रोजगार देने में राजस्थान पूरे देश में अग्रणी राज्य बन गया है।
भाजपा की सोच नकारात्मक सोच है
मुख्यमंत्री ने इसके बाद चूरू जिले के सरदारशहर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस उम्मीदवार अनिल शर्मा के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की सोच सकारात्मक और भाजपा की सोच नकारात्मक सोच है।उन्होंने कहा, ‘‘चुनाव जीतना एक अलग बात है, परन्तु जिस रूप में देश चल रहा है आपको और हमको सोचना पड़ेगा कि देश किस दिशा में जा रहा है.. इसलिए राहुल गांधी ने कहा कि मैं चाहूंगा कि महंगाई कम हो, बेरोजगारी कम हो, देश में शांति, सद्भाव और प्यार मुहब्बत रहे तथा हिंसा न हो.. यह भावना उनकी है.. पूरा देश उनको (राहुल गांधी) सुन रहा है जिससे भाजपा वाले विचलित हो गए हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



