उत्तर भारत में अभी ठंड से ठिठुरन का सिलसिला रहेगा जारी, तो दिल्ली-UP समेत इन राज्यों में बारिश की संभावना

Summary :

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ते दिख रही है जिससे अगले कुछ दिनों तक राहत मिलते नहीं दिखेगी।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली समेत कई राज्यों में कड़ाके की ठंड पड़ते दिख रही है जिससे अगले कुछ दिनों तक राहत मिलते नहीं दिखेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली, बिहार, यूपी, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश और राजस्थान में आज और कल के लिए कोल्ड डे का अनुमान लगाया गया है। वहीं, पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी होने की पूरी संभावना बनी हुई है। जम्मू-कश्मीर में इसकी शुरुआत होते दिख रही है।  
आइये जानते हैं देश के राज्यों का मौसम  
दिल्ली में कड़ाके की ठंड का दौर बीते कई दिनों से लगातार जारी है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को लगातार छठा ठंडा दिन रहा। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम दर्ज हुआ तो वहीं अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 4 डिग्री सेल्सियस कम रहा। वहीं, दिल्ली में 22 जनवरी से दो दिन भारी बारिश के होने का अनुमान जाहिर किया गया है। 
राजस्थान में सर्दी ढा रही सितम 
राज्य में ज्यादातर हिस्सों में रात का न्यनूतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम बना हुआ है। हालांकि इसमें तुलनात्मक रूप से एक दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। राजधानी जयपुर में सोमवार रात न्यूनतम तापमान 6.0 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, मंगलवार सुबह से ही खिली धूप से लोगों को राहत मिली। 
मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए बताया है कि 21 जनवरी को एक बार फिर बारिश होगी। 21 जनवरी को एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने से जोधपुर, बीकानेर, अजमेर, जयपुर और भरतपुर संभाग के कई जिलों में कहीं कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। 
जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी ने बढ़ाई चिंता  
मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश होने का अनुमान है, तो वहीं कश्मीर के मैदानी इलाकों में हल्की बर्फबारी होते दिख सकती है।  21 और 22 जनवरी को जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम हिमपात का अनुमान भी जाहिर किया गया है। 
ठंड से अभी राहत के कोई आसार नहीं पंजाब में   
पंजाब में आज से आसमान में बादल छाए रहने का मौसम विभाग ने अनुमान जाहिर किया है। मौसम विभाग के अनुसार 21 जनवरी से बारिश की संभावना है। बारिश के बाद ही ठंड से राहत मिलनी शुरू हो जाएगी। फिलहाल लोगों को ठंड का सामने करने पड़ेगा। बीते दिन राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहे और सुबह के समय कोहरा भी दिखा। 
बिहार में जारी है ठंड का कहर 
देश में कोहरे के साथ अब ठंड का कहर जारी है। मंगलवार को पटना, गया, सारण समेत पूर्वी चंपारण में कोल्ड डे घोषित किया गया। आईएमडी के मुताबिक, राज्य में अगले 48 घंटे बर्फीली हावाओं से राहत मिलते हुए नहीं दिखेगी। राज्य में मंगलवार अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

Desk Team