ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजपा में शामिल होने की पृष्ठभूमि में कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि पार्टी में प्रतिभा का कोई पलायन नहीं हो रहा है तथा युवा नेताओं को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा और जिम्मेदारी भी दी जाएगी।
पार्टी के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने इन अटकलों को भी खारिज कर दिया कि सिंधिया के बाद कुछ दूसरे नेता भी कांग्रेस छोड़ सकते हैं।
उन्होंने संसद परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि कांग्रेस में कोई प्रतिभा पलायन हो रहा है। राहुल गांधी ने ज्योतिरादित्य के कांग्रेस छोड़ने पर स्थिति स्पष्ट की है।’’
सुरजेवाला ने कहा, ‘‘कोई भी व्यक्ति अगर कांग्रेस पार्टी से अलग होता है तो हमें बहुत दुख होता है। बहरहाल, सिंधिया जी या कोई भी दूसरा व्यक्ति हो, उसे यह सोचना होगा कि उसके लिए पार्टी की मूल विचारधारा महत्वपूर्ण है या फिर कोई पद अहम है।’’
कांग्रेस नेता ने कहा कि अगर लोग पद की लालसा और विचारधारा में फर्क करने लगेंगे तो चीजें अपने आप ठीक हो जाएंगी।
दरअसल, सिंधिया के भाजपा में शामिल होने के बाद लगातार ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि कांग्रेस के कई दूसरे युवा नेता भी ऐसा ही कदम उठा सकते हैं।
करीब 18 साल तक कांग्रेस में रहने के बाद सिंधिया पिछले दिनों भाजपा में शामिल हो गए। उन्हें भाजपा ने मध्य प्रदेश से राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है।


Download Android App
Download iOS App



