कांग्रेस ने मेघालय में पार्टी के कई विधायकों के तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने की पृष्ठभूमि में बृहस्पतिवार को ममता बनर्जी नीत पार्टी पर तीखा प्रहार किया और आरोप लगाया कि ऐसी पार्टियां भाजपा की प्रतिनिधि हैं और इनके ‘षड्यंत्र’ का मकसद देश की सबसे पुरानी पार्टी को कमजोर एवं केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी को मजबूत करना है।
कांग्रेस फिर मजबूत बनकर उभरेगी
मुख्य विपक्षी पार्टी ने यह भी कहा कि मेघालय में उसे बड़ा झटका जरूर लगा है, लेकिन वह और भी मजबूत बनकर उभरेगी।
कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने चंडीगढ़ में कहा, ‘‘भाजपा निर्वाचित सरकारों को सत्ता से बाहर करने के लिए नोट की ताकत का इस्तेमाल करती रही है। उन्होंने देशभर में इसका प्रयोग किया। वे कई मामलों में सफल हुए जैसे कि कर्नाटक, गोवा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड में। राजस्थान में भी कोशिश की गयी। अरुणाचल प्रदेश में सफल कोशिश की गयी जहां विधानसभा की एक निजी होटल में बैठक हुई।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि मेघालय में भी ऐसी कोशिशें की गयी। उन्होंने पूछा, ‘‘इसलिए हम मोदी की आलोचना करते हैं। अगर आप (तृणमूल) भी ऐसी ही राजनीति करते हैं तो आप अलग कैसे हैं?’
TMC पर आरोप – कांग्रेस को कमजोर करो और भाजपा को मजबूत करो
पार्टी प्रवक्ता गौरव वल्लभ ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘देश का कोई मुद्दा हो, चाहे वो चीन का मुद्दा हो, कृषि कानून का मुद्दा हो, महंगाई और बेरोजगारी का मुद्दा हो, इन पर लड़ाई कौन लड़ रहा है? कांग्रेस, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी लड़ाई लड़ रहे हैं। अगर कोई चाहता है कि इन मुद्दों पर सवाल नहीं पूछे जाएं और भाजपा को कटघरे में नहीं खड़ा किया जाए, तो उनके इस षड्यंत्र का एक ही मकसद है कि कांग्रेस को कमजोर करो और भाजपा को मजबूत करो। तृणमूल यही कर रही है।’’
वल्लभ ने आरोप लगाया, ‘‘जो लोग यह काम कर रहे हैं कि उससे सिर्फ भाजपा का फायदा हो रहा है। जो भी क्षेत्रीय दल ऐसा कर रहे हैं वो भाजपा के प्रॉक्सी (प्रतिनिधि) हैं, भाजपा के साथ खड़े हुए हैं।’’
उन्होंने कहा कि जिनमें वैचारिक प्रतिबद्धता की कमी है, वही कांग्रेस छोड़कर जा रहे हैं।
कांग्रेस के मेघालय प्रभारी मनीष चतरथ ने कहा कि अगर राज्य में पार्टी प्रभावहीन हो गई थी तो इसके लिए सिर्फ मुकुल संगमा जिम्मेदार हैं।
उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस मेघालय में पहले से मजबूत होकर उभरेगी और जनता संगमा को सबक सिखाएगी।
कांग्रेस के 17 में से 12 विधायक TMC में शामिल
गौरतलब है कि मेघालय विधानसभा में कांग्रेस के 17 में से 12 विधायक बृहस्पतिवार को तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए जिनमें पूर्व मुख्यमंत्री मुकुल संगमा भी शामिल हैं।
इससे पहले, कांग्रेस नेता कीर्ति आजाद और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए थे।
कांग्रेस की पृष्ठभूमि वाले कई अन्य नेता पिछले कुछ महीनों में तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए हैं। इनमें पार्टी की पूर्व सांसद सुष्मिता देव, लुईजिन्हो फालेरियो और अभिजीत मुखर्जी प्रमुख हैं।


Download Android App
Download iOS App



