कांग्रेस नेता मनीष तिवारी ने केंद्र से की कोरोना के लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों की जांच की मांग

Summary :

मनीष तिवारी के मुताबिक तीन महीने बाद जब लोगों को ईएमआई देनी पड़ेगी तो इस पर सूध भी देना पड़ जाएगा। ऐसे सरकार को इस सूध का भार कम करने की कोशिश करनी चाहिए।

देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच कांग्रेस ने मंगलवार को देश में कोरोना के हालातों को सही ढंग से जानने के लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों की चिकित्सा जांच की मांग की है। पार्टी प्रवक्ता मनीष तिवारी ने केंद्र सरकार से यह आग्रह भी किया कि कर्ज पर ईएमआई के भुगतान को तीन महीने के लिए टालने को लेकर बैंकों को तत्काल परिपत्र जारी किया जाए। 
उन्होंने वीडियो लिंक के माध्यम से संवाददताओं से कहा, ”सरकार ने ईएमआई को लेकर अब तक परिपत्र जारी नहीं किया है। ऐसे में एक अप्रैल से लोगों की ईएमआई कटनी शुरू हो जाएगी। इसलिए सरकार से हमारी मांग है कि बैंकों के लिए तत्काल परिपत्र जारी किया जाए।” 
मनीष तिवारी के मुताबिक तीन महीने बाद जब लोगों को ईएमआई देनी पड़ेगी तो इस पर सूध भी देना पड़ जाएगा। ऐसे सरकार को इस सूध का भार कम करने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने कहा, ”विशेषज्ञों का मानना है कि आज की जो हालत है उसमें हम जल्द ही कोरोना के संक्रमण के तीसरे चरण में जा सकते हैं। इसलिए ज्यादा से ज्यादा जांच की जरूरत है।” 
कांग्रेस नेता ने कहा कि 10 लाख लोगों में से हमने सिर्फ 32 लोगों की जांच की है। दूसरे देशों में बड़ी संख्या में जांच हो रही है। सरकार को अधिक से अधिक जांच किट की उपलब्धता की व्यवस्था करनी चाहिए। कोरोना संकट का किसानों पर असर होने का जिक्र करते हुए तिवारी ने कहा कि फसलों की कटाई और फिर उपज की खरीद के लिए सरकार को कदम उठाने चाहिए। 

Desk Team