कांग्रेस ने पोस्ट की RSS की ड्रेस में आग लगी तस्वीर, भड़की BJP ने किया तीखा वार

Summary :

‘भारत जोड़ो’ यात्रा के आरंभ से ही कांग्रेस और बीजेपी के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया पर भी दोनों दलों की लड़ाई दिलचस्प हो गई।

‘भारत जोड़ो’ यात्रा के आरंभ से ही कांग्रेस और बीजेपी के बीच तीखी बयानबाजी देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया पर भी दोनों दलों की लड़ाई दिलचस्प हो गई। हाल ही में बीजेपी ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की टीशर्ट को लेकर हमला बोला तो अब कांग्रेस ने ट्विटर पर ऐसी तस्वीर पोस्ट की जिसपर बीजेपी बुरी तरह भड़क गई।
कांग्रेस ने अपने अधिकारिक ट्विटर हैंडल से किए गए पोस्ट में आरएसएस (RSS) की ड्रेस में आग लगी तस्वीर शेयर की है। कांग्रेस के इस पोस्ट पर बेंगलुरु दक्षिण के सांसद और बीजेपी युवा मोर्चा (BJYM) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। 
कांग्रेस ने अपने इस पोस्ट में बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधते हुए कहा कि, ‘देश को नफरत की बेड़ियों से मुक्त करना और बीजेपी-आरएसएस द्वारा किए गए नुकसान की भरपाई करना। कदम दर कदम हम अपने लक्ष्य तक पहुंचेंगे।’
कांग्रेस के इस पोस्ट पर BJYM अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने कहा ‘यह तस्वीर कांग्रेस की राजनीति का प्रतीक है – देश में आग जलाने की। अतीत में उन्होंने जो आग जलाई थी, उसने उन्हें भारत के अधिकांश हिस्सों में जला दिया है। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में बचे हुए अंगारे भी जल्द ही जलकर राख हो जाएंगे। इस ट्वीट को सेव करें।’


उन्होंने आगे कहा, 1984 में कांग्रेस की आग ने दिल्ली को जला दिया। इसके पारिस्थितिकी तंत्र ने 2002 में गोधरा में 59 कारसेवकों को जिंदा जला दिया था। उन्होंने एक बार फिर अपने पारिस्थितिकी तंत्र को हिंसा का आह्वान दिया है। राहुल गांधी के ‘भारतीय राज्य के खिलाफ लड़ने’ के साथ, कांग्रेस संवैधानिक साधनों में विश्वास के साथ राजनीतिक दल नहीं रह गई है।

Desk Team