सोनिया गांधी के यहां प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) कार्यालय में पेश होने से एक दिन पहले कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन की तैयारी के लिए सोमवार को पार्टी नेताओं की बैठक बुलाई है। पार्टी ने अपने कार्यकर्ताओं से शांतिपूर्ण ‘सत्याग्रह’ करने को कहा है।
बैठक शाम को होगी और नेताओं को इस मुद्दे पर रणनीति पर चर्चा करने के लिए उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
पिछली बार सोनिय से पूछताछ के खिलाफ दिल्ली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं व सीनियर नेताओं ने किया था प्रदर्शन
पिछले हफ्ते सोनिया गांधी को ईडी में तलब किए जाने पर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया था। कांग्रेस सांसदों ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया और बाद में ईडी कार्यालय तक मार्च करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें हिरासत में लिया गया और बाद में रिहा कर दिया गया।प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुरुवार को नेशनल हेराल्ड मामले के सिलसिले में सोनिया गांधी से तीन घंटे तक पूछताछ करने के बाद उन्हें मंगलवार (26 जुलाई) को फिर से तलब किया है। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष के साथ उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा भी थीं, जो पूछताछ समाप्त होने तक ईडी मुख्यालय में रहीं।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा अपनी पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ के विरोध में युवा कांग्रेस के सदस्यों ने शिवाजी ब्रिज रेलवे स्टेशन पर कई ट्रेनों को रोक दिया था। प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर विपक्ष के सदस्यों को निशाना बनाने और उनकी आवाज दबाने को लेकर केंद्र सरकार और वित्तीय जांच एजेंसी ईडी के खिलाफ नारेबाजी की थी।
इस पर यूथ कांग्रेस ने कहा, यह उस तानाशाही के खिलाफ एक प्रतीकात्मक प्रदर्शन है, जो लगातार संविधान और लोकतंत्र को कुचलने पर आमादा है।


Download Android App
Download iOS App



