कोविड-19 से डटकर मुकाबला कर रहे हैं कांग्रेस शासित राज्य : राहुल गांधी

Summary :

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को कहा कि उनकी पार्टी के शासन वाले राज्य कोरोना वायरस महामारी का डटकर मुकाबला कर रहे हैं।

देश में कोरोना वायरस का कहर जारी है। इसी बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने शुक्रवार को (यानी आज) कहा कि उनकी पार्टी के शासन वाले राज्य कोरोना वायरस महामारी का डटकर मुकाबला कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में एक अस्पताल से जुड़ी खबर शेयर करते हुए राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ”कांग्रेस शासित राज्य राजस्थान, पंजाब, छत्तीसगढ़ और पुडुचेरी कोविड-19 का डटकर मुकाबला कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ”कोविड-19 से संक्रमित लोगों के इलाज के लिए नए और विशेष अस्पताल तैयार किए जा रहे हैं, जैसे छत्तीसगढ़ में यह 200 बेड का विशेष-कोरोना वायरस अस्पताल, जो मात्र 20 दिन में मरीजों के इलाज के लिए तैयार किया गया है। जहां चाह, वहां राह।

इस पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने ट्वीट कर कहा, ””छत्तीसगढ़ ने इस महामारी से लड़ने की तैयारी उसी दिन से शुरु कर दी थी जब आपने पहली बार चेतावनी दी थी। आमजन के सहयोग से हम हर स्तर पर इस संकट से जूझ रहे हैं और सफल भी हो रहे हैं। हम मिलकर लड़ेंगे, मिलकर जीतेंगे।

Desk Team