कांग्रेस की तेलंगाना इकाई के अध्यक्ष रेवंत रेड्डी ने राहुल गांधी को फिर से कांग्रेस की कमान सौंपने की पैरवी करते हुए कहा है कि देश के लोकतंत्र और जनता के हित में यह जरूरी है क्योंकि राहुल एकमात्र ऐसे राष्ट्रीय नेता हैं जो पुरजोर ढंग से लोगों के मुद्दे उठा रहे हैं। रेड्डी की इस टिप्पणी से कुछ दिनों पहले ही भारतीय युवा कांग्रेस ने राहुल गांधी को फिर से अध्यक्ष बनाने की मांग करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया था।
रेवंत रेड्डी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘केंद्र की मौजूदा सरकार जिस तरह देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को नष्ट कर रही है, उससे कहीं न कहीं लोकतंत्र के लिए खतरा पैदा हो गया है। लोकतंत्र के हित में और जनहित में भी यह जरूरी है कि सरकार के खिलाफ बुलंद आवाज उठाई जाए। यह बुलंद आवाज सिर्फ राहुल गांधी उठा रहे हैं।’’
उनके मुताबिक, ‘‘राहुल गांधी देश के एकमात्र ऐसे नेता हैं जो डरते नहीं हैं। वह पुरजोर ढंग से जनता के मुद्दे उठाते हैं। उनका कांग्रेस अध्यक्ष बनना सिर्फ पार्टी के लिए ही नहीं, बल्कि लोकतंत्र एवं जनता के हित में भी जरूरी है।’’ रेड्डी ने बुधवार को तेलंगाना प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कई नेताओं के साथ राहुल गांधी से मुलाकात की थी। उनका कहना है कि राहुल गांधी के जल्द ही तेलंगाना का दौरा करने की संभावना है।


Download Android App
Download iOS App



