कोरोना वायरस भारत में लगातार पैर पसारता जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान ही देश में कोरोना के कुल 773 नए मामले सामने आए हैं, जबकि 32 लोगों ने संक्रमण से अपनी जान गंवा दी है। वही देश में कोरोना से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 5194 हो गयी है। जबकि इससे हुयी मौत का आंकड़ा 149 पर पहुंच गया है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि संक्रमण को रोकने के लिये राष्ट्रीय स्तर पर विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के सहयोग से स्थानीय लोगों को इस संक्रामक बीमारी के बारे में जागरुक करने तथा चिकित्सा उपायों को प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इसके तहत मानव संसाधन विकास मंत्रालय के दीक्षा प्लेटफार्म पर कोरोना संबंधी विशेष प्रशिक्षण शुरु किया गया है। अग्रवाल ने कहा कि मंत्रालय द्वारा शुरु किये गये इंटीग्रेटेड फील्ड लेवल ट्रेनिंग कोर्स के तहत स्वास्थ्य कर्मियों, एनसीसी और एनएसएस सहित अन्य सामाजिक संगठनों के स्वयंसेवकों को कोरोना के संक्रमण को रोकने और चिकित्सा उपायों के बारे में लोगों को जागरुक करने सहित अन्य जरूरी क्रियाकलापों का प्रशिक्षण दिया जायेगा।
सर्वदलीय बैठक में PM मोदी ने लॉकडाउन बढ़ाए जाने पर की चर्चा, बोले-कोरोना के खिलाफ लंबी है लड़ाई
उन्होंने बताया कि संक्रमण के दायरे में आये लोगों के त्वरित इलाज के लिये घोषित तीन स्तरीय कार्ययोजना पर भी राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम शुरु कर दिया गया है। संवाददाता सम्मेलन में गृह मंत्रालय की संयुक्त सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने बताया कि मंत्रालय ने लॉकडाउन के दौरान आवश्यक वस्तुओं की जमाखोरी और कालाबाजारी को देखते हुये सभी राज्य सरकारों को इस दिशा में तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश दिये हैं।
इस दौरान भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के वैज्ञानिक रमन आर गंगाखेडकर ने बताया कि देश में अब तक कोरोना संक्रमण की जांच के लिये 1,21,271 परीक्षण हो चुके हैं। इनमें पिछले 24 घंटों के दौरान किये गये 13,345 परीक्षण शामिल हैं। उन्होंने बताया कि देश में आईसीएमआर की प्रयोगशालायें बढ़कर 139 हो गयी हैं जबकि निजी क्षेत्र की 65 प्रयोगशालाओं को भी कोविड-19 के परीक्षण करने की मंजूरी दे दी गयी है।


Download Android App
Download iOS App



