कोरोना वायरस : देश में 125 लोगों के संक्रमण की पुष्टि, BJP ने बुलाई संसदीय दल की अहम बैठक

Summary :

मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार भारत में अब तक कोरोना वायरस के 125 लोगों में संक्रमण की पुष्टि की गई है।

चीन के वुहान से शुरू हुए कोरोना वायरस (कोविड-19) का खौफ अब दुनिया के 116 देशों में फैल चुका है । वहीं इस वायरस ने भारत को भी अपनी चपेट में ले लिया है। मंगलवार को स्वास्थ्य मंत्रालय से मिली जानकारी के अनुसार भारत में अब तक कोरोना वायरस के 125 लोगों में संक्रमण की पुष्टि की गई है। केंद्र सरकार ने कोरोना को राष्ट्रीय आपदा तक घोषित कर दिया है वहीं सरकार के तरफ से इस वायरस से लोगों को उबारने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
स्वास्थ्य मंत्रालय के द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार महाराष्ट्र में संक्रमित लोगों की संख्या 36 है जहां इस वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या सबसे अधिक है। इसके अलावा केरल में कुल 22 मामलों की पुष्टि की गई है । बता दें कोरोनावायरस को लेकर देशभर में बढ़ रही चिंता के बीच मंगलवार को भाजपा संसदीय दल की बैठक हो रही है। बैठक संसद के जीएमसी बालयोगी ऑडिटोरियम में होगी जिसमें प्रधानमंत्री मोदी के अलावा भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के सभी सांसद हिस्सा लेंगे।

मध्य प्रदेश : फ्लोर टेस्ट को लेकर BJP द्वारा दायर याचिका पर SC में आज होगी सुनवाई

माना जा रहा है कि बैठक में स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन की ओर से कोरोनावायरस को लेकर देशभर में बढ़ती चिंता और इससे निपटने में सरकार द्वारा उठाये गये कदमों की जानकारी दी जायेगी। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी संबोधन हो सकता है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार माना जा रहा है कि इस मुद्दे पर सांसदों को जन जागरण अभियान चलाने को कहा जा सकता है।
बता दें सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने  कहा कि कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने के लिए केंद्र सरकार की तरफ से समन्वित एवं एकजुट कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोग स्वस्थ रहें यह सुनिश्चित करने के लिए सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी। प्रधानमंत्री ने कोरोना वायरस से मुकाबला करने में डॉक्टरों, नर्सो और स्वास्थ्य कर्मियों की कड़ी मेहनत एवं योगदान की सराहना की ।

Desk Team