प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से पूछताछ किए जाने से पहले पार्टी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस मीडिया को यहां पार्टी मुख्यालय में आने नहीं दे रही है। साथ ही पार्टी ने कहा कि इस प्रकार की ‘‘ज्यादती’’ नरेंद्र मोदी सरकार की मानसिकता को प्रदर्शित करती है।

विपक्षी दल पार्टी प्रमुख से पूछताछ के विरोध में देशभर में प्रदर्शन करने वाला है और उसने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के खिलाफ एजेंसी की कार्रवाई को ‘‘राजनीतिक प्रतिशोध’’ करार दिया है।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ट्वीट किया, ‘‘ आज सुबह से दिल्ली पुलिस यकीनन केंद्रीय गृह मंत्री के आदेश से मीडिया को कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय में प्रवेश नहीं करने दे रही है।’’उन्होंने कहा, ‘‘ इसी ज्यादती की उम्मीद की जा सकती थी और यह मोदी सरकार की मानसिकता प्रदर्शित करती है।’’

गौरतलब है कि ईडी ‘नेशनल हेराल्ड’ से जुड़े धनशोधन के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से आज पूछताछ करेगा। गांधी के प्रति एकजुटता प्रकट करते हुए उनकी पार्टी की देश भर में प्रदर्शन की योजना है। ईडी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से भी पिछले माह पूछताछ कर चुका है और उस वक्त भी इसी प्रकार के प्रदर्शन देश भर में हुए थे।


Download Android App
Download iOS App



