केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों में जीत भारतीय जनता पार्टी की ही होगी। उन्होंने आगे कहा फिलहाल देश में पीएम के पद के लिए अभी कोई रिक्ति नहीं है।बता दे कि शनिवार को नोबेल पुरस्कार विजेता अमर्त्य सेन से 2024 में प्रधानमंत्री पद के लिए नाम पूछा था जिसपर अमर्त्य ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का नाम लिया था। इसी बयान पर केंद्रीय मंत्री ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि देश में मौजूदा प्रधानमंत्री मोदी को भरोसा है कि लोग उनके साथ खड़े रहेंगे और चुनाव में उनका समर्थन करेंगे।
प्रधान ने प्रधानमंत्री मोदी को लेकर क्या बोला?
दरअसल, अमर्त्य सेन ने कहा था कि तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी में प्रधानमंत्री बनने की क्षमता है। प्रधान ने कोलकाता के दक्षिणी बाहरी इलाके सोनारपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संगठनात्मक बैठक से पहले संवाददाताओं से कहा, भारत में प्रधानमंत्री पद के लिए फिलहाल कोई पद रिक्त नहीं है। देश के लोगों ने लगातार दो बार नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि गरीबों, महिलाओं, युवाओं, पिछड़ों और ग्रामीण लोगों ने चुनाव में मतदान कर मोदी को देश चलाने की जिम्मेदारी दी है।
प्रधान का 2024 में होने वाले चुनावों पर क्या कहना है?
प्रधान ने कहा, इसमें कोई संदेह नहीं है कि 2024 में मोदी के नेतृत्व में राजग फिर से जीतेगा। नोबेल पुरस्कार से सम्मानित अमर्त्य सेन ने शनिवार को मीडिया को दिए विशेष साक्षात्कार में कहा था कि यह सोचना भूल होगा कि 2024 का लोकसभा चुनाव एकतरफा तरीके से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में होगा। उन्होंने कहा कि आगामी आम चुनाव में क्षेत्रीय दलों की भूमिका साफ तौर पर महत्वपूर्णहोगी। प्रसिद्ध अर्थशास्त्री ने यह भी कहा कि तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी में भारत का अगला प्रधानमंत्री बनने की क्षमता है।


Download Android App
Download iOS App



