भोपाल : मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले कांग्रेस द्वारा अपने‘वचन पत्र’में शासकीय कार्यालयों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की शाखाओं पर प्रतिबंध की बात पर मचे बवाल के बीच पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष कमलनाथ ने आज कहा कि उन्होंने संघ पर प्रतिबंध लगाने की बात नहीं कही और न ही उनकी ऐसी मंशा है।
श्री कमलनाथ ने आज यहां संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि उन्होंने या पार्टी ने ऐसी कोई बात नहीं कही। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर आरोप लगाया कि भाजपा उनके मुंह में ऐसे शब्द डालना चाहती है, जो उन्होंने नहीं कहे। श्री कमलनाथ ने कहा कि संघ को लेकर केंद, में भी ऐसी ही व्यवस्था है। मध्यप्रदेश में उमा भारती और बाबूलाल गौर के मुख्यमंत्री रहते भी ऐसा ही होता था। उन्होंने कहा कि इस मामले को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए।
श्री कमलनाथ ने कहा कि संघ को सरकारी स्थानों के अलावा अन्यत्र स्थानों पर अपनी शाखाएं लगाने की पूरी छूट है। वहीं राम मंदिर के मामले पर श्री कमलनाथ ने कहा कि भाजपा को चुनाव के समय ही राममंदिर याद आता है। उन्होंने भाजपा पर ध्यान मोड़ने की राजनीति करने का भी आरोप लगाया। विधानसभा चुनाव के पहले पार्टी से बागी हुए नेताओं के बारे में उन्होंने कहा कि पार्टी बागी साथियों को मना लेगी।


Download Android App
Download iOS App



