कोरोना के मद्देनजर किसी भी त्योहार को मनाना उचित नहीं, हो सकता है खतरनाक- आईएमए अध्यक्ष

Summary :

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. जेए जयलाल ने कहा कि कोरोना के वक्त किसी भी त्योहार को मनाना उचित नहीं है, क्योंकि ये खतरनाक हो सकता है।

देश में कोरोना संक्रमण के मामलो के लेकर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. जेए जयलाल ने कहा कि कोरोना के वक्त किसी भी त्योहार को मनाना उचित नहीं है, क्योंकि ये खतरनाक हो सकता है। आईएमए सरकार से अनुरोध करता है कि किसी भी तरह के सामूहिक समारोहों के संबंध में अपने निर्णय पर पुनर्विचार करें।
वहीं देश में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना के 37,154 नए मामले सामने आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 3,08,74,376 हो गई है। वहीं पिछले 24 घंटों में 724 नई मौतों के बाद कुल मौतों की संख्या का आंकड़ा बढ़कर 4,08,764 हो गया है। इसके अलावा 39,649 नए डिस्चार्ज के बाद कुल डिस्चार्ज की संख्या 3,00,14,713 हो गई है. फिलहाल देश में कोरोना के सक्रिय मामलों की कुल संख्या 4,50,899 है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि रिकवरी रेट बढ़कर 97.22 फीसदी हो गया है। कोरोना वायरस के सक्रिय मामले कुल मामलों के 1.46 फीसदी हैं और दैनिक पॉजिटिविटी रेट 2.59 फीसदी है। देश में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस की 12,35,287 वैक्सीन लगाई गईं, जिसके बाद कुल वैक्सीनेशन का आंकड़ा 37,73,52,501 हो गया है।
देश में कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर में अब तक 776 डॉक्टर्स की मौत हो चुकी है। आईएमए के मुताबिक इस दौरान सबसे ज्यादा बिहार में 115, दिल्ली में 109, उत्तर प्रदेश में 79 और पश्चिम बंगाल में 62 डॉक्टरों ने अपनी जान गंवाई है। इससे पहले 16 जून को आईएमए ने बताया था कि दूसरी लहर में 730 डॉक्टरों की जान जा चुकी है।

Desk Team