कोरोना वायरस (कोविड-19) के बढ़ते खतरे को देखते हुए भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने राज्यसभा सीट के लिए होने वाले चुनावों को स्थगित करने का फैला ले लिया है। हालांकि चुनाव के लिए अभी नई तारीख का कोई ऐलान नहीं किया गया है। देशभर में मंगलवार को कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 500 हो चुकी है, जिसमें से अब तक 10 लोगों की मौत हो गई है।
आगामी 26 मार्च यानी गुरुवार को राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान होना था। राज्यसभा की 18 सीटों पर मतदान होना था। जिसमें गुजरात, मध्य प्रदेश, राजस्थान, मणिपुर, मेघालय, आंध्र प्रदेश और झारखंड की सीटें शामिल हैं। चुनाव आयोग ने मंगलवार बैठक के बाद राज्यसभा चुनाव मतदान को टालने का फैसला किया।
चुनाव आयोग का कहना है कि अभी हालात ठीक नहीं हैं, ऐसे में अगर चुनाव होता है तो मतदान एजेंट से लेकर वोटरों का हुजूम लगेगा, जो कि गलत है। अभी हर जगह लोगों को इकट्ठा होने से रोका जा रहा है। ऐसे में चुनाव को टाला जाता है। आयोग द्वारा लिया गया फैसला जनप्रतिनिधित्व अधिकार अधिनियम 1951 की धारा 153 के तहत लिया गया है।
आयोग ने बताया कि कोरोना वायरस के कारण विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा 11 मार्च को वैश्विक महामारी की स्थिति घोषित किए जाने के बाद भारत सरकार ने भी स्वास्थ्य मंत्रालय सहित अन्य संबद्ध मंत्रालयों के माध्यम से इस वायरस के संक्रमण को रोकने के लिये विभिन्न दिशा-निर्देश जारी किये हैं। आयोग ने कहा कि यातायात सहित अन्य सेवाओं पर अस्थायी रोक को देखते हुये राज्यसभा की सीटों पर होने वाले द्विवार्षिक चुनाव को स्थगित करने का फैसला किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



