विदेश मंत्री जयशंकर ने पोलैंड और पुर्तगाल के अपने समकक्षों से बात की, द्विपक्षीय संबंधों को लेकर हुई चर्चा

Summary :

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को पोलैंड और पुर्तगाल के अपने समकक्ष के साथ बातचीत की जिसमें द्विपक्षीय संबंधों के सम्पूर्ण आयामों पर चर्चा हुई।

भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को पोलैंड और पुर्तगाल के अपने समकक्ष के साथ बातचीत की जिसमें द्विपक्षीय संबंधों के सम्पूर्ण आयामों पर चर्चा हुई। पोलैंड के विदेश मंत्री बिगन्यू राऊ के साथ बातचीत के बाद जयशंकर ने कहा कि दोनों देशों के बीच अधिक राजनीतिक आदान प्रदान, कारोबार के विस्तार और सुचारू यात्रा पर ध्यान केंद्रित किया गया। 

जयशंकर ने किया ट्वीट 
उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘ पोलैंड के विदेश मंत्री बिगन्यू राऊ के साथ आज संबंधों की समग्र समीक्षा की। अधिक राजनीतिक आदान प्रदान के महत्व, कारोबार के विस्तार, सुचारू यात्रा एवं क्षेत्रीय विचार विमर्श पर सहमति बनी।’’ 
जल्द ही उनका भारत में स्वागत करने को आशान्वित हूं 

जयशंकर ने कहा, ‘‘ जल्द ही उनका भारत में स्वागत करने को आशान्वित हूं।’’ वहीं, पुर्तगाल के विदेश मंत्री अगस्तो सैंटोस सिल्वा से बातचीत के बाद जयशंकर ने कहा कि यूरोप के साथ संबंधों के विस्तार के लिये भारत, पुर्तगाल के मजबूत सहयोग के महत्व को समझता है। 
उन्होंने एक और ट्वीट किया, ‘‘अपने मित्र पुर्तगाल के विदेश मंत्री अगस्तो सैंटोस सिल्वा से बातचीत की। कोविड की स्थिति पर चर्चा की। वर्ष 2021 में पोर्तो में भारत यूरोपीय संघ नेताओं की बैठक तथा प्रवासन एवं आवाजाही समझौते महत्वपूर्ण रहे।’’ 
नीदरलैंड के उप प्रधानमंत्री के साथ की बात 
एक अन्य ट्वीट में विदेशमंत्री जयशंकर ने नीदरलैंड का उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री नियुक्त किये जाने पर वोपके होएकस्त्रा को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हमारे मजबूत गठजोड़ को आगे बढ़ाने के लिये साथ मिलकर काम करने आशान्वित हूं। 

जयशंकर ने इससे पहले भी की थी इन विदेश मंत्रियों से की थी बात  
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिका, रूस, श्रीलंका, नेपाल, बांग्लादेश, सिंगापुर, संयुक्त अरब अमिरात, नाइजीरिया, मिस्र, इजराइल, इंडोनेशिया, मालदीव, भूटान, ईरान, फ्रांस जैसे देशों के विदेश मंत्रियों से बातचीत की।

Desk Team