पूर्व PM मनमोहन की सेहत में हो रहा सुधार, कांग्रेस ने अफवाहों को खारिज करते हुए कहा- उनकी निजता का सम्मान किया जाए

Summary :

कांग्रेस ने एम्स में भर्ती मनमोहन के बारे सोशल मीडिया में कुछ लोगों द्वारा किए गए पोस्ट को अफवाह और अनुचित करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि सभी लोगों को देश के पूर्व प्रधानमंत्री की निजता का सम्मान करना चाहिए।

कांग्रेस के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद तथा देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती है। कांग्रेस ने एम्स में भर्ती मनमोहन के बारे सोशल मीडिया में कुछ लोगों द्वारा किए गए पोस्ट को अफवाह और अनुचित करार देते हुए शुक्रवार को कहा कि सभी लोगों को देश के पूर्व प्रधानमंत्री की निजता का सम्मान करना चाहिए।
राष्ट्रीय सचिव प्रणव झा ने कहा- मनमोहन सिंह की सेहत पहले से बेहतर है

पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और मीडिया विभाग के सह-प्रभारी प्रणव झा ने यह भी बताया कि मनमोहन सिंह की सेहत पहले से बेहतर है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘डॉक्टर मनमोहन सिंह की सेहत में सुधार हो रहा है। वह कल के मुकाबले बेहतर हैं। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। कुछ आधारहीन बातें की जा रही हैं जो अनावश्यक हैं और उचित नहीं हैं। सभी से आग्रह है कि पूर्व प्रधानमंत्री का निजता का सम्मान करें। धन्यवाद।’’
एम्स के कार्डियो-न्यूरो केंद्र के निजी वार्ड में मनमोहन
एम्स के एक डॉक्टर ने बृहस्पतिवार को बताया था कि 89 वर्षीय सिंह को एम्स के कार्डियो-न्यूरो केंद्र के निजी वार्ड में बुधवार को भर्ती कराया गया था और वह डॉक्टर नीतीश नाइक के नेतृत्व में ह्रदय रोग विशेषज्ञों की टीम की देख-रेख में हैं।
सिंह को सोमवार को बुखार आ गया था और वह उससे उबर भी गए थे लेकिन उन्हें कमजोरी महसूस होने लगी थी और वह केवल तरल चीजों का सेवन कर पा रहे थे।
अप्रैल में कोरोना से संक्रमित हुए थे मनमोहन-
बता दें कि इसी साल अप्रैल में मनमोहन सिंह कोरोना से संक्रमित भी हुए थे और एम्स में कुछ दिनों तक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी मिली थी। पूर्व प्रधानमंत्री ने चार मार्च और तीन अप्रैल को कोरोना के टीकों की दो खुराक ली थी। पिछले साल एक नई दवा के कारण रिएक्शन और बुखार होने के बाद भी मनमोहन सिंह को एम्स में भर्ती कराया गया था।
कई दिनों के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। मनमोहन सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और फिलहाल राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। वह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। एम्स में 2009 में उनकी हृदय बाईपास सर्जरी हुई थी।

Desk Team