सरकार ने विदेशी तब्लीगी कार्यकर्ताओं को पर्यटन वीजा देने पर लगाई रोक

Summary :

गृह मंत्रालय ने विदेश मंत्रालय से कहा कि उसे ऐसे आवेदकों को पर्यटक वीजा देने से पहले उनके भारत में ठहरने, वापसी के टिकट और खर्चों के संबंध में जानकारी सुनिश्चित करनी चाहिये।

नयी दिल्ली : सरकार ने भारत की यात्रा करने और तबलीगी गतिविधियों में हिस्सा लेने की चाह रखने वाले विदेशी नागरिकों को पर्यटन वीजा जारी करने पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यह फैसला ये सामने आने के बाद लिया गया है कि एक जनवरी से अब तक लगभग 2,100 विदेशी भारत में आए और देश के विभिन्न हिस्सों में तबलीगी गतिविधियों में लग गए। इनमें से कई लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गये हैं।
गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि विदेश मंत्रालय को सलाह दी गई है कि दूसरे देशों में भारतीय मिशनों से अनुरोध किया जा सकता है कि वे ऐसे विदेशी को पर्यटक वीजा देने से परहेज करें, जो तबलीगी गतिविधियों के लिए इसका उपयोग कर सकते हैं। गृह मंत्रालय ने विदेश मंत्रालय से कहा कि उसे ऐसे आवेदकों को पर्यटक वीजा देने से पहले उनके भारत में ठहरने, वापसी के टिकट और खर्चों के संबंध में जानकारी सुनिश्चित करनी चाहिये।

Desk Team