केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि सरकार आंदोलनकारी किसानों के साथ ‘कृषि विधेयकों के अलावा अन्य विकल्पों’ पर बात करने को तैयार है। किसान पिछले साल नवंबर से तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन कर रहे हैं।
तोमर ने यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, “केंद्र सरकार ने हमेशा किसानों के कल्याण के हित में बात की है और किसानों से बात करने को तैयार है।” उन्होंने कहा, “अगर किसान संघ कृषि विधेयकों के अलावा अन्य विकल्पों पर चर्चा के लिए तैयार हैं तो सरकार उनसे बात करने को तैयार है।”
भाजपा नेता ने मीडिया में आई इन खबरों को खारिज किया है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री को बदला जाएगा। उन्होंने कहा, “ मध्य प्रदेश में भाजपा के पास स्थायी सरकार है और नेतृत्व में परिवर्तन की कोई संभावना नहीं है।”
वहीं, संयुक्त किसान मोर्चा ने केंद्र सरकार से सभी किसानों के लिए लाभकारी न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी वाला कानून तत्काल लागू करने की मांग की। मोर्चा ने एक बयान में कहा कि ईंधन एवं अन्य चीजों की कीमत में इजाफा होने के कारण किसान अपनी फसल की लागत तक नहीं निकाल पा रहा है।
उन्होंने कहा, ” पंजाब में मक्का किसानों को 700 से 800 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा है जबकि इसका एमएसपी 1850 रुपये प्रति क्विंटल है। संयुक्त किसान मोर्चा सभी फसलों के लिए लाभकारी एमएसपी की गांरटी वाला कानून तत्काल लागू करने की मांग करता है।”
वहीं, संयुक्त किसान मोर्चा ने किसान आंदोलन का समर्थन करने वाले पंजाबी गायक जैजीबी का ट्विटर एकाउंट बंद किए जाने की भी आलोचना की। साथ ही सरकार पर आंदोलन को कमजोर करने और इसका समर्थन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने का भी आरोप लगाया।


Download Android App
Download iOS App



