स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा- सभी राज्यों के पास 2.01 करोड़ से अधिक कोरोना टीकों की खुराक अब भी उपलब्ध

Summary :

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को यानी आज कहा कि राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और निजी अस्पतालों के पास कोविड-19 टीकों की उपयोग में नहीं लाई गई 2.01 करोड़ से अधिक खुराक अब भी उपलब्ध है।

देशभर में चल रहे टीकाकरण अभियान को लेकर केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को यानी आज कहा कि राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और निजी अस्पतालों के पास कोविड-19 टीकों की उपयोग में नहीं लाई गई 2.01 करोड़ से अधिक खुराक अब भी उपलब्ध है। मंत्रालय ने कहा कि 36.97 करोड़ से अधिक खुराक सभी स्रोतों से अब तक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को उपलब्ध कराई गई है। इनमें कुल 34,95,74,408 खुराक की खपत हुई, जिनमें बर्बाद हुए टीके भी शामिल हैं।
मंत्रालय ने कहा कि केंद्र सरकार देश भर में कोविड-19 टीकाकरण की गति और दायरा बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। टीके का सार्वभौमीकरण करने का नया चरण 21 जून से शुरू हुआ था। वहीं अगर बात करें देश में कोरोना के हालत की तो देश में पिछले 24 घंटे में कोरोना महामारी के  39,796  नए मामलों की पुष्टि हुई और 723 मरीजों की मौत हुई।  
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देशभर में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या  3,05,85,229हो गयी है और मौत का आंकड़ा 4,02,728 हो गया है। देश में कोरोना वायरस के सक्रिय मामले के 1.58  प्रतिशत हैं। दैनिक पॉजिटिविटी रेट 2.61 प्रतिशत और रिकवरी रेट 97.11 प्रतिशत है। आंकड़ों के अनुसार, देश में कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 4,82,071 हो गई है। 

Desk Team