दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को भारी बारिश हुई, जिससे मुख्य मार्गों पर जलभराव हो गया, और सड़कों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति पैदा हो गई। मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली के कई हिस्सों और आसपास के शहरों जैसे नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में मध्यम से भारी बारिश हुई।
दिल्ली यातायात पुलिस के अनुसार, शाहजहां रोड, डब्ल्यू प्वाइंट आईटीओ, त्यागराज मार्ग, लाला लाजपत राय मार्ग, मूलचंद अंडरपास, एम्स सहित कई प्रमुख सड़कों पर जलभराव की सूचना है। डीटीसी की एक बस के टूटने से आश्रम चौक पर भारी जाम लग गया, वहीं सराय काले खां से अक्षरधाम, विकास मार्ग, पुस्ता रोड, बाराा खंबा रोड तक वाहनों की आवाजाही भी काफी धीमी रही।
दिल्ली यातायात पुलिस ने कहा कि क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण नारायण से धौला कुआं तक वाहनों की आवाजाही भी बहुत धीमी थी। नोएडा-दिल्ली बॉर्डर के पास नेशनल हाईवे-24 पर भी ट्रैफिक जाम देखा गया। बारिश सुबह लगभग 9.30 बजे शुरू हुई, जब लोग अपने घरों से निकलने वाले थे या पहले से ही काम करने के लिए सड़क पर थे, जिसके चलते लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
मुंबई में भारी बारिश से भूस्खलन, जलभराव
वहीं मुंबई में लंबे समय के बाद दक्षिण-पश्चिम मानसून एक बार फिर सक्रिय होने के साथ ही शहर में भारी बारिश हुई, जिससे एक जगह भूस्खलन होने से कुछ लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को बताया कि रात भर भारी बारिश होने के कारण कुछ निचले इलाकों में पानी भर गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की एक रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार रात से, महानगर, पड़ोसी नवी मुंबई, ठाणे और आसपास के अन्य क्षेत्रों में 20 मिमी से 70 मिमी तक बारिश हुई।
मंगलवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में आईएमडी की सांताक्रूज वेधशाला में 49 मिमी, जबकि कोलाबा वेधशाला में 29.8 मिमी बारिश दर्ज की गई। अधिकारियों ने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण मुंबई के असल्फा इलाके में भूस्खलन हुआ, जिससे कुछ लोग घायल हो गए। बारिश के कारण अंधेरी, परेल, भांडुप और कुछ अन्य इलाकों में जलजमाव के कारण यातायात प्रभावित हुआ।


Download Android App
Download iOS App



