महामारी को लेकर गृह मंत्रालय अलर्ट, कहा- कोविड से बचाव के उपायों को सख्ती से लागू करें राज्य

Summary :

केन्द्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर कहा है कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर अभी खत्म नहीं हुई है इसलिए किसी तरह की कोताही या ढिलाई बरतना खतरनाक साबित हो सकता है।

देश में कोरोना के नए मामलों की रफ्तार अब थमने लगी है। कई राज्यों में महामारी के नए मामलों में लगातार गिरावट देखी जा रही है। इस बीच देश के कुछ हिस्सों विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों के पर्यटन स्थलों , सार्वजनिक परिवहन, दुकानों और मॉल में बढ़ रही भीड़ के मामलों को गंभीरता से लेते हुए केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों से कोविड से बचाव के सभी एहतियाती उपायों को सख्ती से लागू करने को कहा है।
कोरोना की दूसरी लहर अभी खत्म नहीं हुई है इसलिए किसी तरह की कोताही या ढिलाई बरतना खतरनाक
केन्द्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर कहा है कि कोरोना महामारी की दूसरी लहर अभी खत्म नहीं हुई है इसलिए किसी तरह की कोताही या ढिलाई बरतना खतरनाक साबित हो सकता है। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के मामलों में कमी आने के साथ ही राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों ने चरणबद्ध तरीके से गतिविधि शुरू कर दी हैं लेकिन यह जरूरी है कि इस दौरान किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतनी है।
किसी भी क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के मामले बढने पर वहां तुरंत पाबंदियां लागू करनी होगी
उन्होंने कहा कि केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के दिशा निर्देशों के उल्लंघन के कारण किसी भी क्षेत्र में कोरोना संक्रमण के मामले बढने पर वहां तुरंत पाबंदियां लागू करनी होगी और इसके लिए वह प्रतिष्ठान, परिसर या दुकान आदि को ही जिम्मेदार माना जायेगा। इस तरह के मामलों में दोषियों के खिलाफ संबंधित कानूनों के तहत कार्रवाई भी की जायेगी। गृह मंत्रालय ने दोहराया है कि जिस क्षेत्र में पाबंदी लगायी जाती है उस क्षेत्र के अधिकारी को ही लापरवाही के लिए जिम्मेदार भी ठहराया जायेगा।

Desk Team