आप के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि पिछले तीन सालों में उनके हर फैसले की केन्द्र सरकार द्वारा जांच कराने के बावजूद गड़बड़ी का एक भी तथ्य नहीं मिलना आप सरकार की ईमानदारी का सबसे बड़ा प्रमाण है, और उन्हें ईमानदारी का यह प्रमाणपत्र ‘‘मोदी जी’’ से मिला है।
केजरीवाल ने सोमवार को आप के छठे स्थापना दिवस के अवसर पर पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये कहा ”तीन साल में हमारी सरकार ने जितने भी निर्णय लिये थे, उनसे जुड़ी वे सभी 400 फाइलें मोदी जी ने, हमारे खिलाफ कोई भी गड़बड़ी निकालने के लिये मंगा लीं जिन पर मैंने दस्तखत किये थे। लेकिन कुछ भी नहीं निकला। मुझे ईमानदारी का सर्टिफिकेट प्रधानमंत्री मोदी जी से मिला है।”
केजरीवाल ने दिल्ली सरकार की ईमानदारी का हवाला देते हुये कहा ”आज दिल्ली की जनता कहती है कि हमारा मुख्यमंत्री ईमानदार है। मैं देश की जनता से पूछना चाहता हूं कि क्या आप दिल से कह सकते हो कि हमारा प्रधानमंत्री ईमानदार है।”
इतना ही नहीं उन्होंने दिल्ली सरकार के साढे़ तीन साल के कामों को ऐतिहासिक करार देते हुये दावा किया कि गुजरात के मुख्यमंत्री रहते हुए मोदी ने 12 साल में जितने काम किये थे उससे कहीं ज्यादा काम दिल्ली में आप सरकार ने साढ़े तीन साल में कर दिये। केजरीवाल ने कहा कि संविधान दिवस के दिन ही आप का गठन होना महज संयोग मात्र नहीं हो सकता है।
आम आदमी पार्टी की छठी वर्षगांठ पर केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं का जताया आभार
उन्होंने कहा ”यह नियति का एक इशारा है कि आज देश में संविधान पर जो खतरा मंडरा रहा है उस खतरे से देश को निजात दिलाने में कोई और पार्टी सक्षम नहीं है, सिर्फ आप ही इस खतरे से निजात दिला सकती है।” मुख्यमंत्री ने पिछले छह साल में आप की उपलब्धियों को उल्लेखनीय बताते हुये कहा कि हर तरह की बाधाओं के बावजूद अपने कामों के बलबूते पार्टी भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता के खिलाफ राजनीतिक क्रांति बन कर उभरी है।


Download Android App
Download iOS App




