केंद्र सरकार ने बुधवार को कहा कि भारत में करीब 300 जिलों में कोरोना वायरस के लिए नमूनों की जांच में साप्ताहिक संक्रमण दर 5 प्रतिशत है, वहीं महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, केरल और गुजरात चिंता वाले राज्यों के रूप में उभर रहे हैं। सरकार ने यह भी कहा कि वायरस का ओमीक्रॉन स्वरूप सामान्य सर्दी-खांसी नहीं है, इसे हल्के में नहीं ले सकते और लोगों को सतर्कता बरतने तथा टीका लगवाने की जरूरत हैं, वहीं कोविड अनुकूल व्यवहार अपनाते रहना होगा।
भारत में कोविड संक्रमण में देखा गया तेजी से इजाफा
स्वास्थ्य मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि भारत में कोविड-19 संक्रमण मे तेजी से इजाफा देखा गया है और नमूनों की जांच में संक्रमण की दर 30 दिसंबर को 1.1 प्रतिशत से बढ़कर बुधवार को 11.05 प्रतिशत हो गयी। उन्होंने कहा कि दुनियाभर में कोविड के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और पूरी दुनिया में एक दिन में अब तक के सर्वाधिक मामले 10 जनवरी को आये जिनकी संख्या 31.59 लाख थी।
भारत में 300 जिलों में साप्ताहिक संक्रमण दर 5 प्रतिशत के पार
अधिकारी ने कहा कि इस समय भारत में 300 जिलों में साप्ताहिक संक्रमण दर 5 प्रतिशत से अधिक है। अग्रवाल ने बताया कि देश के 19 राज्यों में इस समय कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 10,000 से अधिक है और महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, तमिलनाडु, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, केरल और गुजरात कोविड के मामलों में वृद्धि की वजह से चिंता वाले राज्यों के रूप में उभर रहे हैं।
देश में कोरोना वायरस के 1,94,720 नये मामलों की पुष्टि
टीकाकरण के महत्व पर जोर देते हुए अधिकारी ने विश्व स्वास्थ्य संगठन के हवाले से कहा कि टीके का प्रभाव अस्पतालों में रोगियों के भर्ती होने के मामले में महत्वपूर्ण नजर आता है। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 1,94,720 नये मामले सामने आने के बाद बुधवार को संक्रमितों की कुल संख्या 3,60,70,510 हो गई है, जिनमें 4,868 मामले ओमीक्रॉन स्वरूप के हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी।
उपचाराधीन मरीजों की संख्या 9,55,319 हुई दर्ज
मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या 9,55,319 दर्ज की गई, जो पिछले 211 दिन में सर्वाधिक है। साथ ही, 442 और मरीजों की मौत होने से कोविड-19 से मृतकों की संख्या 4,84,655 पर पहुंच गई है।


Download Android App
Download iOS App



