आयकर विभाग की टीम ने गुरुवार को द क्विंट (The Quint) वेबसाइट के मालिक राघव बहल के नोएडा स्थित घर और दफ्तर पर छापा मारा। इनकम टैक्स विभाग की यह कार्रवाई टैक्स चोरी की आशंका पर हुई । उनके दिल्ली से सटे नोएडा वाले घर पर छापेमारी हुई. राघव बहल नेटवर्क 18 ग्रुप के संस्थापक रहे चुके हैं। इस वक्त द क्विंट वेबसाइट का संचालन करते हैं। आयकर विभाग की टीम टैक्स से जुड़े दस्तावेजों को खंगालने के मकसद से उनके घर और दफ्तर पर पहुंची।
राघव बहल ने अपने बयान में कहा है कि वह इस समय मुंबई में हैं। उन्होंने एडिटर्स गिल्ड को लिखे अपने बयान में कहा है कि मैं गिल्ड को इस चिंताजनक स्थिति के बारे में बताना चाहता हूं कि मेरे घर और द क्विंट के दफ्तर में आयकर विभाग के दर्जनों अधिकारी ‘सर्वे’ के लिए आ घुसे। राघव बहल ने बताया है कि वह मुंबई से दिल्ली आ रहे हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि हम नियम से टैक्स भरने वाले संस्थान हैं। हम सभी उचित वित्तीय कागजात जांच के लिए पेश करेंगे।
राघव बहल ने इसके साथ ही कहा कि उन्होंने अपने घर में आए आयकर अधिकारी से साफ तौर पर कड़े शब्दों में कहा कि उनके घर से पत्रकारिता से संबंधित कोई भी दस्तावेज लेने या किसी ई-मेल को देखने की कोशिश न की जाए। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा किया गया तो इसके खिलाफ जरूरी कदम उठाए जाएंगे। बहल ने उम्मीद जताई कि इस मामले में एडिटर्स गिल्ड उनका साथ देगा और इससे भविष्य में किसी भी मीडिया संस्थान के खिलाफ होने वाली ऐसी कार्रवाई के खिलाफ एकजुट होने की मिसाल पेश की जा सकेगी।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक जांच करने वाले अधिकारियों का कहना है कि संबंधित जांच टैक्स नियमों का पालन न करने के संबंध में की जा रही है। अधिकारियों ने कहा है कि कई और कारोबारियों की भी जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



