केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शनिवार को कहा कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण रोधी टीके लगने की संख्या प्रति माह तेजी से बढ़ रही है और जुलाई में प्रतिदिन औसतन 43.41 लाख खुराक के साथ कुल 13.45 करोड़ खुराक दी गईं।
देश में शुक्रवार तक 50 करोड़ से अधिक संक्रमण रोधी टीके लगाए जा चुके हैं।
केन्द्रीय मंत्री ने ट्वीट किया, ‘‘भारत कोविड-19 के खिलाफ लड़ाई में मजबूत हो रहा है। ‘सबको टीका मुफ्त टीका’ की राह पर चलते हुए संक्रमण रोधी टीके लगने की संख्या प्रति माह तेजी से बढ़ रही है। जुलाई में प्रतिदिन औसतन 43.41 लाख खुराक और कुल 13.45 करोड़ खुराक दी गईं।’’
एक रिपोर्ट के अनुसार शनिवार सुबह सात बजे तक भारत में 58,08,344 सत्रों में टीके की 50,10,09,609 खुराक दी गईं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले 24 घंटे में टीके की 49,55,138 खुराक दी गई। मंत्रालय ने कहा कि केन्द्र सरकार देशभर में टीकाकरण की रफ्तार और दायरा बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों के पास अब भी कोविड टीके की 2.29 करोड़ से ज्यादा खुराक
मंत्रालय के अनुसार राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और निजी अस्पतालों के पास अब भी 2,29,36,394 खुराक लाभार्थियों को लगाने के लिए उपलब्ध हैं। केंद्र सरकार देश में टीकाकरण का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी के लिए कोविड टीकाकरण का नया चरण 21 जून से शुरू हुआ था। मंत्रालय के अनुसार राष्ट्रव्यापी कोविड टीकाकरण अभियान के तहत सरकार राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को नि:शुल्क टीका उपलब्ध करा रही है।
टीकाकरण के नये चरण में केन्द्र सरकार देश में उत्पादित टीके की 75 प्रतिशत खुराकों को खरीदकर उनकी आपूर्ति राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों को कर रही है। मंत्रालय ने बताया कि राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सभी स्रोतों के माध्यम से अब तक टीके की 51.66 करोड़ से ज्यादा खुराकें उपलब्ध कराई गई हैं और 55,52,070 खुराकों को भेजने पर काम चल रहा है।


Download Android App
Download iOS App



