अभियानगत समझ बढ़ाने के लिये भारत और जापान की नौसेनाएं बंगाल की खाड़ी में सैन्य अभ्यास कर रही हैं। ‘जापान-इंडिया मैरीटाइम एक्सरसाइज’ (जिमेक्स 2022) का छठा संस्करण भारतीय नौसेना की मेजबानी में 11 सितंबर को शुरू हुआ।
भारतीय नौसेना के प्रवक्ता ने कहा कि जापान मैरीटाइम सेल्फ डिफेंस फोर्स (जेएमएसडीएफ) ने हेलीकॉप्टर वाहक इजुमो और निर्देशित प्रक्षेपास्त्र विध्वंसक ताकानामी को अभ्यास के लिये तैनात किया है।
प्रवक्ता ने बताया कि भारतीय नौसेना का प्रतिनिधित्व बहुद्देशीय स्टील्थ फ्रिगेट ‘सह्याद्री’ और पनडुब्बी रोधी युद्धपोत ‘कदमत’ और ‘कवरत्ती’ कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसके अलावा निर्देशित प्रक्षेपास्त्र विध्वंसक ‘रणविजय’, फ्लीट टैंकर ‘ज्योति’, अपतटीय गश्ती पोत ‘सुकन्या’, पनडुब्बियां, मिग-29 के लड़ाकू विमान, लंबी दूरी के समुद्री गश्ती विमान आदि इस अभ्यास में हिस्सा ले रहे हैं।
यह संस्करण जिमेक्स की 10वीं वर्षगांठ का प्रतीक है, जो 2012 में जापान में शुरू हुआ था।


Download Android App
Download iOS App



