भारत के कोवैक्सीन टीके को ‘आपात उपयोग के लिए’ WHO से मिली हरी झंडी

Summary :

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के तकनीकी परामर्शदाता समूह ने भारत बायोटेक के कोविड रोधी टीके कोवैक्सीन के लिए ‘आपात उपयोग के लिए सूचीबद्ध’ (ईयूएल) के दर्जे की सिफारिश की है।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के तकनीकी परामर्शदाता समूह ने भारत बायोटेक के कोविड रोधी टीके कोवैक्सीन के लिए ‘आपात उपयोग के लिए सूचीबद्ध’ (ईयूएल) के दर्जे की सिफारिश की है। डब्ल्यूएचओ ईयूएल के उपयोग के लिए कोवैक्सीन के क्लीनिकल परीक्षण के आंकड़ों का मूल्यांकन कर रहा है। 
तकनीकी परामर्शदाता समूह ने 26 अक्टूबर को टीके को आपात उपयोग के लिए सूचीबद्ध करने के लिहाज से अंतिम ‘जोखिम-लाभ मूल्यांकन’ करने के लिए कंपनी से अतिरिक्त स्पष्टीकरण मांगे थे। सूत्रों के अनुसार, ‘‘डब्ल्यूएचओ के तकनीकी परामर्शदाता समूह ने कोवैक्सीन के लिए आपात उपयोग के लिए सूचीबद्ध के दर्जे की सिफारिश की है।’’ 

कोवैक्सीन ने लक्षण वाले कोविड-19 रोग के खिलाफ 77.8 प्रतिशत प्रभाव दिखाया है और वायरस के नये डेल्टा स्वरूप के खिलाफ 65.2 प्रतिशत सुरक्षा दर्शाई है। कंपनी ने जून में कहा था कि उसने तीसरे चरण के परीक्षणों से कोवैक्सीन के प्रभाव का अंतिम विश्लेषण समाप्त किया है। डब्ल्यूएचओ का तकनीकी परामर्शदाता समूह एक स्वतंत्र सलाहकार समूह है जो डब्ल्यूएचओ को यह सिफारिश करता है कि क्या किसी कोविड-19 रोधी टीके को ईयूएल प्रक्रिया के तहत आपात उपयोग के लिए सूचीबद्ध किया जा सकता है या नहीं। 
कोवैक्सीन की शेल्फ लाइफ 12 महीने हुई

टीका निर्माता ‘भारत बायोटेक’ ने बुधवार को बताया कि केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) ने उसके कोविड-19 टीके कोवैक्सीन के इस्तेमाल के लिए उपयुक्त होने (शेल्फ लाइफ) की अवधि बढ़ाकर निर्माण की तारीख से 12 महीने तक कर दी है। 
भारत बायोटेक ने ट्वीट किया, ‘‘सीडीएससीओ ने इस्तेमाल के लिए कोवैक्सीन के उपयुक्त होने की अवधि निर्माण की तारीख से 12 महीने तक बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। इस्तेमाल के लिए उपयुक्त होने की अवधि में विस्तार की यह मंजूरी अतिरिक्त स्थिरता आंकड़ों की उपलब्धता पर आधारित हैं। इन आंकड़ों को सीडीएससीओ को सौंपा गया था।’’ उसने बताया कि ‘‘हमारे हितधारकों’’ को इस अवधि में विस्तार की जानकारी दे दी गई है।

Ujjwal Jain