देश में कोरोना वायरस संक्रमण की दूसरी लहर अब लगभग काबू में आती दिख रही है, लेकिन वहीं, दूसरी ओर, केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने उद्योग संघों से कहा है कि वे कोविड-19 की तीसरी लहर आने की स्थिति में उससे निपटने के लिए तैयार रहे। उन्होंने उद्योग जगत को महामारी से प्रभावित बच्चों की मदद करने का भी सुझाव दिया।
केंद्रीय मंत्री ने कोविड-19 महामारी के कारण वर्तमान और भविष्य की चुनौतियों से निपटने के लिए तैयारियों की समीक्षा करने के लिए उद्योग संघों के साथ एक जून को हुई बैठक में यह बात कही। गोयल ने कहा कि कोविड-19 की रोकथाम के लिए लागू लॉकडाउन और प्रतिबंधों के कारण औद्योगिक उत्पादन बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
उन्होंने कहा कि उद्योग संघों से यह उम्मीद है कि वे वर्तमान और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए पिछले अनुभवों से सीखे गए सबक का लाभ उठाएंगे। बैठक में सीआईआई और पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्रतिनिधि शामिल थे।
देश में कोरोना वायरस (कोविड-19) के दैनिक मामलों में एक बार फिर थोड़ी बढ़ोतरी होने के बीच पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के 1,32,788 नये मामले सामने आये लेकिन इस वायरस से निजात पाने वाले लोगों की संख्या इसकी चपेट में आने वाले लोगों से एक लाख से अधिक रही जिससे रिकवरी दर बढ़कर 92.48 फीसदी हो गया है।
इस बीच सोमवार को 23 लाख 97 हजार 91 लोगों को कोरोना के टीके लगाये गये। देश में अब तक 21 करोड़ 85 लाख 46 हजार 667 लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से बुधवार की सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटों में कोरोना के 1,32,788 नये मामले आने के साथ ही संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर दो करोड़ 83 लाख 07 हजार 832 हो गया।
इस दौरान दो लाख 31 हजार 456 मरीज स्वस्थ हुए हैं जिसे मिलाकर देश में अब तक दो करोड़ 61 लाख 79 हजार 85 लोग इस महामारी को मात दे चुके हैं। सक्रिय मामले 1,01,875 कम होकर 17 लाख 93 हजार 645 रह गये हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान 3,207 मरीज अपनी जान गंवा बैठे और इस बीमारी से मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर तीन लाख 35 हजार 102 हो गयी है।
देश में सक्रिय मामलों की दर घटकर 6.34 फीसदी रह गयी है जबकि मृत्युदर 1.18 फीसदी है। महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों में सक्रिय मामले 22,680 घटकर 2,33,498 रह गये हैं। इसी दौरान राज्य में 35,949 और मरीजों के ठीक होने के बाद कोरोनामुक्त होने वालों की तादाद बढ़कर 54,31,319 हो गयी है जबकि 854 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 96,198 हो गया है।


Download Android App
Download iOS App



