विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को बांग्लादेश के सूचना प्रसारण मंत्री हसन महमूद से मुलाकात की और द्विपक्षीय संबंधों के विविध आयामों पर चर्चा की। जयशंकर ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘ बांग्लादेश के सूचना प्रसारण मंत्री हसन महमूह से मुलाकात कर प्रसन्न हूं । हमारे द्विपक्षीय संबंध हर क्षेत्र में ठोस रूप से आगे बढ़ रहे हैं । इस बारे में मीडिया एवं जन धारणाओं के बारे में चर्चा की । ’’

गौरतलब है कि महमूद भारत की आधिकारिक यात्रा पर आए हुए हैं। कोरोना वायरस महामारी के बीच पिछले कुछ महीनों में दोनों पक्षों की एक दूसरे के यहां कई यात्राएं हुई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मार्च में दो दिवसीय यात्रा पर बांग्लादेश गए थे और पड़ोसी देश के मुक्ति संग्राम की 50वीं वर्षगांठ से जुड़े कार्यक्रम में हिस्सा लिया था ।
अप्रैल में थलसेना प्रमख जनरल एम एम नरवणे रक्षा एवं सैन्य सहयोग बढ़ाने के रास्तों पर विचार विमर्श करने पांच दिवसीय यात्रा पर बांग्लादेश गए थे । जून में वायुसेना अध्यक्ष एयर चीफ मार्शन आर के एस भदौरिया ने पड़ोसी देश की यात्रा की थी ।
दोनों देशों के करीबी संबंधों के मद्देनजर बांग्लादेश के 1971 के मुक्ति संग्राम की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर भारत कई कार्यक्रमों की मेजबानी कर रहा है। इस मुक्ति संग्राम में 16 दिसंबर 1971 को भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के समक्ष 93 हजार पाकिस्तानी सैनिकों ने आत्मसमर्पण किया था ।


Download Android App
Download iOS App



