‘बुल्ली बाई’ ऐप और धर्म संसद पर PM मोदी की चुप्पी को लेकर जावेद अख्तर ने उठाए सवाल

Summary :

जावेद अख्तर ने कहा कि वह एक ऑनलाइन ऐप पर मुस्लिम महिलाओं को प्रताड़ित किए जाने के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और खुद सहित सभी की चुप्पी से चकित हैं।

मशहूर गीतकार एवं पटकथा लेखक जावेद अख्तर ने ‘बुल्ली बाई’ ऐप और धर्म संसद मांमले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वह एक ऑनलाइन ऐप पर मुस्लिम महिलाओं को प्रताड़ित किए जाने के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और खुद सहित सभी की चुप्पी से चकित हैं। 
दरअसल, कुछ प्रमुख हस्तियों सहित सैकड़ों मुस्लिम महिलाओं की छेड़छाड़ की गई तस्वीरें बिना अनुमति के ‘बुल्ली बाई’ ऐप पर अपलोड करके उन्हें ‘नीलामी’ के लिए रखा गया है। एक साल से भी कम समय में दूसरी बार ऐसा हुआ है। यह ऐप पिछले साल विवादों में आए ‘सुल्ली डील्स’ की तरह ही है।
जावेद अख्तर ने अपने ट्वीट में कहा कि वह इन मुद्दों पर ‘चुप्पी’ को लेकर हैरान हैं। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘सैकड़ों महिलाओं की ऑनलाइन नीलामी हो रही है। तथा-कथित धर्म संसद का आयोजन किया जा रहा है, सेना, पुलिस और जनता को 20 करोड़ हिन्दुस्तानियों का संहार करने को कहा जा रहा है। इन मुद्दों पर मैं खुद की और खास तौर से प्रधानमंत्री सहित सभी की चुप्पी से हैरान हूं। क्या यही है सबका साथ?’’


अख्तर ने पिछले महीने हरिद्वार में आयोजित धर्म संसद पर भी प्रतिक्रिया दी। इस आयोजन में मुसलमानों के खिलाफ कुछ वक्ताओं के कथित नफरत भरे भाषण को लेकर विवाद पैदा हो गया है। इस आयोजन के संबंध में सोमवार को और 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

अख्तर के बेटे और एक्टर फरहान अख्तर ने भी महिलाओं की नीलामी की घटना सामने आने पर इसकी कटु आलोचना की। फरहान ने रविवार को ट्वीट किया, ‘‘यह बीमार कर देने वाला है। इस घटिया काम के पीछे जिनका हाथ है, उनके खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई के लिए पुलिस से अनुरोध करता हूं।’’ वहीं दिल्ली पुलिस ने सोमवार को ‘गिटहब’ से विवादित ‘बुल्ली बाई ऐप’ के डेवलपर के बारे में सूचना मांगी है और इस संबंध में सबसे पहले पोस्ट करने वाले हैंडल से जुड़ी जानकारी ट्विटर से मांगी है।

Desk Team