तमिलनाडु की दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता को बुधवार को उनकी दूसरी बरसी पर याद किया गया। अन्नाद्रमुक के प्रमुख नेताओं ओ पनीरसेल्वम और के पलानीस्वामी समेत पार्टी के अन्य नेताओं तथा कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। सत्तारूढ़ दल ने 20 विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव तथा अगले वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव में बड़ी जीत का संकल्प लिया और कहा कि वह उस जीत को अपनी दिवंगत नेता को समर्पित करेगा।
मद्रास उच्च न्यायालय ने अन्नाद्रमुक के 18 विधायकों को अयोग्य ठहराने के अध्यक्ष पी धनपाल के फैसले को बरकरार रखा था जिसके चलते वहां उपचुनाव की जरूरत पड़ी। जबकि दो सीटें वहां के प्रतिनिधियों के निधन के चलते खाली हुई थी। जयललिता का पांच दिसंबर, 2016 को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया था। उन्हें मरीना बीच पर दफनाया गया था।
अन्नाद्रमुक मुख्यालय में जयललिता की प्रतिमा का अनावरण
पनीरसेल्वम और पलानीस्वामी ने अन्ना सलाई से मरीना बीच तक मौन मार्च किया। उनके साथ मंत्रिमंडल के वरिष्ठ सदस्य, सांसद और विधायक भी मार्च में शामिल हुए। सभी ने काले रंग के वस्त्र पहन रखे थे। पलानीस्वामी तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जबकि पनीरसेल्वम उप मुख्यमंत्री हैं।
पनीरसेल्वम और पलानीस्वामी समेत अन्य ने जयललिता स्मारक पर पुष्प अर्पित किए और दिवंगत ‘अम्मा’ को याद किया। इस दौरान कई की आंखे भर आईं। बाद में पनीरसेल्वम ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलवाया।


Download Android App
Download iOS App




