भारत में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। महामारी से निपटने के लिए सरकार तमाम हथकंड़े अपना रही है। इस बीच, बीजेपी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मंगलवार को पार्टी की ओर से संचालित पत्रिकाओं के संपादक दल और प्रकाशन से जुड़े लोगों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से चर्चा की और उनसे कोविड-19 से मुकाबला करते हुए डिजिटल प्लेटफार्म का उपयोग कर सकारात्मक, सटीक और तथ्यात्मक सूचनाएं जारी करने को कहा।
कोरोना वायरस के मद्देनजर देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान नड्डा देश के अलग क्षेत्रों के पार्टी नेताओं एवं पदाधिकारियों तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों के साथ चर्चा कर रहे हैं तथा उनसे बंद के दौरान गरीबों एवं जरूरतमंदों की मदद करने को कह रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष ने मंगलवार को भाजपा पत्रिकाओं के संपादक दल और प्रकाशन से जुड़े लोगों से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से चर्चा की। उन्होंने चर्चा के दौरान कोविड-19 के कारण प्रकाशन के बदलते आयामों पर प्रकाशन कार्यों की समीक्षा की।
उन्होंने बातचीत के दौरान कहा कि कलम की ताकत सबसे बड़ी है, अब हमें अपनी कलम का डिजिटलीकरण करके इसको और मजबूत करना है। भाजपा अध्यक्ष ने डिजिटल प्लेटफार्म का उपयोग कर सकारात्मक, सटीक और तथ्यात्मक सूचनाएं जारी करने को कहा। नड्डा ने आज गोरखपुर-काशी क्षेत्र, उत्तर प्रदेश के भाजपा सांसदो के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग पर चर्चा की और उनके संसदीय क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी सांसदों की उनके अथक परिश्रम की सराहना की।


Download Android App
Download iOS App



