कोलकाता पुलिस ने आखिरकार दी अमित शाह को रैली करने की अनुमति

Summary :

कुछ दिनों के टालमटोल के बाद कोलकाता पुलिस ने आखिरकार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की यहां एक मार्च को प्रस्तावित रैली के लिए अनुमति दे दी। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

कुछ दिनों के टालमटोल के बाद कोलकाता पुलिस ने आखिरकार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की यहां एक मार्च को प्रस्तावित रैली के लिए अनुमति दे दी। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने मंगलवार को यह जानकारी दी। 
पार्टी की पश्चिम बंगाल इकाई ने अधिकारियों पर अनुमति देने में देर करने का आरोप लगाया था। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘एक मार्च को निर्धारित भाजपा की रैली के लिए अनुमति दे दी गई है।’’ 
पार्टी सूत्रों ने बताया कि भाजपा ने 20 फरवरी को कोलकाता पुलिस को पत्र सौंपकर रैली की अनुमति मांगी थी। 
पार्टी ने पहले आरोप लगाया था कि रैली के लिए अनुमति देने में पुलिस देर कर रही है। 
प्रदेश भाजपा के महासचिव रतिंद्र बोस ने कहा, ‘‘हमें सोमवार को अनुमति मिल गई। अब चीजें तय कार्यक्रम के अनुसार चलेंगी। यह एक विशाल कार्यक्रम होगा।’’ 
शाह शहीद मीनार मैदान में एक रैली को संबोधित करेंगे, जहां राज्य के भाजपा नेता संसद में नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) पारित करने के लिए उनका धन्यवाद करेंगे। 
केंद्रीय गृह मंत्री का पद संभालने के बाद शाह की पश्चिम बंगाल की यह दूसरी यात्रा होगी। उन्होंने पिछले साल एक अक्टूबर को नेताजी इंडोर स्टेडियम में नागरिकता (संशोधन) विधेयक, 2019 पर एक सभा को संबोधित किया था। 
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए, तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल के संसदीय कार्य राज्य मंत्री तपस रे ने कहा कि भाजपा जानबूझकर एक गैर-जरूरी चीजों को मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है। 
उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने गुरुवार को आवेदन (अनुमति के लिए) किया था और उम्मीद कर रहे थे कि शुक्रवार सुबह तक अनुमति मिल जाएगी। यह बेतुका है। 
इस बीच, माकपा के वरिष्ठ नेता सुजान चक्रवर्ती ने दावा किया कि वाम दलों ने भी कई कार्यक्रमों के लिए आवेदन किया था, लेकिन अनुमति नहीं दी गई। 
इससे पहले पिछले हफ्ते, पश्चिम बंगाल भाजपा के अध्यक्ष दिलीप घोष ने कोलकाता पुलिस और जिला प्रशासन पर अनुमति देने में देर करने का आरोप लगाया था। 
कोलकाता पुलिस ने हालांकि आरोपों से इनकार किया है और कहा कि उन्हें नियमों का पालन करना होता है। 

Shera Rajput