देश में कोरोना के मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। संक्रमण की रोकथाम के लिए सरकार ने देश में 21 दिनों का लॉकडाउन घोषित किया हुआ है। लॉकडाउन के चलमें सामानों एवं माल की कालाबाजारी एवं जमाखोरी करने के ज्यादा संभावना है। इस बीच, गृह मंत्री अमित शाह ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे कोरोना वायरस को रोकने के लिये 21 दिनों के देशव्यापी लॉकडाउन के दौरान सामानों एवं माल की कालाबाजारी एवं जमाखोरी को रोकने के लिये राज्य सरकारों के साथ समन्वय स्थापित करके कदम उठायें। मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
गृह मंत्रालय में संयुक्त सचिव पुण्य सलिल श्रीवास्तव ने कहा कि इस आशय का निर्देश लॉकडाउन लागू होने और आवश्यक वस्तुओं की स्थिति की विस्तृत समीक्षा करने के बाद जारी किया गया। श्रीवास्तव ने संवाददाताओं से कहा कि मंत्री ने अधिकारियों से उत्पादों की कालाबाजारी एवं जमाखोरी करने वालों के खिलाफ तेजी से और सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया। अधिकारी ने बताया कि सरकार दवाओं और अन्य आवश्यक वस्तुओं की आवाजाही पर करीबी नजर रखे हुए है।
उन्होंने बताया, ‘‘आवश्यक वस्तुओं एवं सेवाओं की स्थिति कुल मिलाकर संतोषप्रद है। ’’श्रीवास्तव ने कहा कि नागर विमानन मंत्रालय के तहत हवाई जहाज से 200 टन माल की ढुलाई हुई जबकि रेल के जरिये 8897 रेक और 4.57 लाख वैगन के जरिये माल की ढुलाई हुई। उन्होंने कहा, ‘‘कोविड-19 महामारी पर नियंत्रण के लिये राज्य सरकार सक्रिय कदम उठा रही है । एक तरफ वे लोगों की आवाजाही को रोक रहे हैं तो दूसरी तरह सम्पर्क में आए लोगों की जांच का काम भी किया जा रहा है ।’’
अधिकारी ने लॉकडाउन को सफलतापूर्वक लागू करने के लिये सरकार के कदमों का ब्यौरा देते हुए कहा कि अगले सप्ताह कई त्योहार आ रहे हैं और कई सामुदायिक नेताओं ने लोगों से अपील की है कि वे त्योहार के समय में लॉकडाउन के बारे में सरकार के निर्देशों का सख्ती से पालन करें।


Download Android App
Download iOS App



