पिछले कई दिनों से दोनों सदनों में भारी हंगामा हो रहा है।विपक्ष लगातार सरकार पर हमलावर है। कार्यवाही को शुरू होते ही स्थगित कर दिया जाता है।इसी बीच आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देंगे। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी आज शाम को लोकसभा में दो दिनों तक चली चर्चा के दौरान विपक्षी दलों द्वारा उठाए गए तमाम मुद्दों का जवाब दे सकते हैं।
31 जनवरी को दोनों सदनों की शुरू हुई थी बैठक
आपको बता दें कि राहुल गांधी द्वारा अडानी और उनके संबंधों को लेकर लोक सभा में लगाए गए आरोपों पर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पलटवार कर सकते हैं। संसद के बजट सत्र की शुरूआत 31 जनवरी को, दोनों सदनों की संयुक्त बैठक में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से हुई थी।अडानी के मसले पर विपक्षी दलों के हंगामे की वजह से संसद में तीन दिन तक कोई कामकाज नहीं हो पाया था। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच गतिरोध खत्म हो जाने के बाद मंगलवार को लोक सभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हुई थी।
अमेठी में जमीन हड़पने का लगाया था आरोप
कांग्रेस की तरफ से चर्चा में शामिल हुए राहुल गांधी ने अडानी मसले पर केंद्र सरकार और सीधे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा था। राहुल गांधी के भाषण के दौरान ही कई केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा सांसदों ने इसे नियमों के खिलाफ बताते हुए इसका विरोध भी किया था। बाद में लोक सभा में ही केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने भाषण देते हुए गांधी परिवार पर अस्पताल और उद्योग के नाम पर अमेठी में जमीन हड़पने का आरोप लगाया था।ऐसे में यह तय माना जा रहा है कि आज लोक सभा में चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री मोदी कांग्रेस, गांधी परिवार और कांग्रेस की सरकारों के दौरान हुए घोटालों का जिक्र करते हुए जमकर पलटवार कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



