दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे से यहां बांद्रा स्थित उनके आवास पर मुलाकात की।
केजरीवाल जब ‘मातोश्री’ गये तो उस समय उनके साथ उनकी पार्टी के नेता और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और राघव चड्ढा भी थे।
मुलाकात के बाद पत्रकारों से बात करते हुए दिल्ली के मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि ठाकरे भविष्य के सभी चुनाव जीतेंगे।
वहीं, शिवसेना (यूबीटी) के साथ गठबंधन के सवाल पर केजरीवाल ने कहा, ‘चुनावों की घोषणा होने पर आपको पता चल जाएगा।’
इस बैठक को महत्वपूर्ण माना जा रहा है कि क्योंकि निर्वाचन आयोग ने हाल ही में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अध्यक्षता वाले गुट को ‘शिवसेना’ नाम और ‘धनुष-बाण’ चिन्ह आवंटित किया था।
पिछले साल जून में शिंदे के विद्रोह ने शिवसेना को विभाजित कर दिया था और ठाकरे की महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार को गिरा दिया था। शिंदे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की मदद से मुख्यमंत्री बने थे।
आप ने कहा है कि वह बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) चुनाव लड़ेगी, जो पिछले साल की शुरुआत से लंबित हैं।
अविभाजित शिवसेना ने कई वर्षों तक देश की सबसे अमीर महानगरपालिका का नेतृत्व किया है, जबकि आप ने हाल में दिल्ली नगर निगम पर नियंत्रण प्राप्त किया है।
ठाकरे और केजरीवाल दोनों ही भाजपा के कटु आलोचक हैं।


Download Android App
Download iOS App



