भारत के रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने ने ब्रिटेन के रक्षा खरीद मामलों के मंत्री अलेक्स चॉक के साथ द्विपक्षीय वार्ता की है। यह मुलाकात ‘एयरो इंडिया 2023’ के दौरान हुई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 फरवरी को एयरो इंडिया 2023 का उद्घाटन किया है। इस मुलाकात के दौरान अनेक मौजूदा और भावी रक्षा सहयोग के मुद्दों पर चर्चा की गई है जिनमें महत्वपूर्ण रक्षा औद्योगिक सहयोग संबंधी क्षेत्र भी शामिल है।
इस बैठक में कई विदेशी नेता हुए शामिल
ब्रिटेन के मंत्री के साथ भारत में ब्रिटिश उच्चायुक्त एलेक्स एलिस भी मौजूद थे। इससे पहले भारतीय रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने ने सऊदी अरब, अमरीका और ओमान के उच्चस्तरीय रक्षा प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात की थी। बेंगलुरु में एयरो इंडिया 2023 के अवसर पर उन्होंने तीन देशों के रक्षा प्रतिनिधिमंडलों के साथ अलग से द्विपक्षीय बैठकें की। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक रक्षा सचिव ने सऊदी अरब के औद्योगिक कार्यक्रम महाप्रबंधक इंगर तुर्की साद के साथ वार्ता की और उनसे कई द्विपक्षीय रक्षा सहयोग मुद्दों पर चर्चा की। इसके बाद हिन्द-प्रशांत सुरक्षा मामलों के लिए अमरीका के प्रधान उप सहायक रक्षा सचिव जेडीजिया पी रॉयल के नेतृत्व में एक अमरीकी प्रतिनिधिमंडल ने रक्षा सचिव से मुलाकात की। इस अवसर पर उनके साथ अमरीकी दूतावास में चार्ज दी’अफेयर्स राजदूत एलिजाबेथ जोन्स और अमेरिकी वायु सेना के मेजर जनरल जूलियन चिटर भी उपस्थित थे।
रक्षा सहयोग करने पर हुआ विचार
रक्षा मंत्रालय का कहना है कि बातचीत के दौरान दोनों देशों के बीच मौजूदा चल रहे तथा भविष्य के आगामी रक्षा सहयोग के मुद्दों की एक विस्तृत श्रृंखला पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया। अमरीका अपने कई अधिकारियों, कंपनियों एवं विमानों के साथ इस वर्ष एयरो इंडिया में भाग ले रहा है। अंत में, रक्षा सचिव ने ओमान के रक्षा मंत्रालय में महासचिव महामहिम डॉ. मोहम्मद नासिर अल जाबी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल से भेंट की। विचार-विमर्श के दौरान आपसी रक्षा सहयोग की समीक्षा की गई और दोनों देशों के संबंधों की गहराई एवं दायरे को बढ़ाने के संभावित अवसरों पर चर्चा की गई।
इसका उद्देश्य स्वदेशी निर्यात पर देना है जोर
गौरतलब है कि भारत में एशिया के सबसे बड़े एयरो शो, ‘एयरो इंडिया 2023’ के 14वें संस्करण का शुरू किया गया है। एयरो शो में डिजाइन नेतृत्व, यूएवी क्षेत्र में विकास, रक्षा अंतरिक्ष और भविष्य की प्रौद्योगिकियों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसका एक उद्देश्य लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट, तेजस, डोर्नियर लाइट यूटिलिटी हेलीकॉप्टर, लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर और उन्नत लाइट हेलीकॉप्टर जैसे स्वदेशी हवाई प्लेटफार्मों के निर्यात को बढ़ावा देना भी है।


Download Android App
Download iOS App



