टोक्यो पैरालंपिक : टेबल टेनिस में रजत पदक विजेता भाविना को PM मोदी समेत कई बड़े नेताओं ने दी शुभकामनाएं

Summary :

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समेत कई बड़े नेताओं ने टोक्यो पैरालंपिक के महिला टेबल टेनिस मुकाबले में रजत पदक जीतने वाली भाविना पटेल को शुभकामनाएं दी हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समेत राजनीती जगत के कई बड़े नेताओं ने टोक्यो पैरालंपिक के महिला टेबल टेनिस मुकाबले में रजत पदक जीतने वाली भाविना पटेल से बात कर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
PM मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री कार्यालय के सूत्रों के अनुसार पीएम मोदी ने रविवार को भाविन से बातचीत के दौरान उन्हें शाबाशी दी और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने इतिहास रचा है। प्रधानमंत्री ने भविष्य के मुकाबलों के लिए उन्हें शुभकामनाएं भी दी। भाविना पटेल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गृह राज्य गुजरात के वडनगर मेहसाणा के सोंधिया की रहने वाली हैं। प्रधानमंत्री ने उन्हें बताया कि वह कई बार सोंधिया गए हैं। 
उन्होंने पूछा कि सोंधिया में अभी उनके परिवार के कौन-कौन लोग रहते हैं इस पर भाविना ने कहा कि उनके माता-पिता अभी वहीं रहते हैं। बता दें कि भाविना पटेल टोक्यो पैरालंपिक के महिला टेबल टेनिस के फाइनल मुकाबले में हार गई जिससे उन्हें रजत पदक के साथ संतोष करना पड़ा है।
राष्ट्रपति कोविंद ने दी बधाई 
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ी भाविना बेन पटेल को टोक्यो पैरालंपिक में रजत पदक जीतने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। राष्ट्रपति कोविंद ने रविवार को ट्वीट करके कहा, ‘‘भाविना पटेल ने पैरालंपिक में रजत पदक जीतकर भारतीय दल और खेलप्रेमियों को प्रेरित किया है।’’ उन्होंने आगे कहा, ‘‘आपके असाधारण संकल्प और कौशल से भारत गौरवान्वित हुआ है। इस असाधारण सफलता पर आपको मेरी ओर से बधाई।’’ 

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल ने दी बधाई 
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने टोक्यो पैरालंपिक में रजत पदक जीतने पर भाविना पटेल को बधाई दी है। राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘रजत पदक जीतने पर भाविना पटेल को बधाई। हम आपकी इस उपलब्धि पर गौरवान्वित है। आपने देश का गौरव बढ़ाया है।’’

CM केजरीवाल ने दी बधाई 
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पैरालम्पिक में पटेल का प्रदर्शन लाखों लोगों को प्रेरित करेगा। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भारत के लिए रजत पदक जीतने पर भाविना पटेल को बहुत बधाई। आपने हर भारतीय को गौरवान्वित किया है। आपका शानदार प्रदर्शन लाखों लोगों को प्रेरित करेगा।’’
भाविना बेन पटेल को तोक्यो खेलों की टेबल टेनिस क्लास 4 स्पर्धा के महिला एकल फाइनल में रविवार को दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी चीन की झाउ यिंग के खिलाफ 0-3 से शिकस्त का सामना करना पड़ा लेकिन वह ऐतिहासिक रजत पदक के साथ पैरालंपिक खेलों में पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय महिला खिलाड़ी बनने में सफल रहीं।

Desk Team