पाकिस्तान की आर्थिक राजधानी कराची में शुक्रवार को एक रसायन कारखाने में भीषण आग लग जाने से कम से कम 15 श्रमिकों की मौत हो गई। मीडिया खबरों में यह जानकारी दी गयी है। जियो टीवी की खबर के अनुसार अग्निशमन अधिकारियों ने बताया कि यह घटना उस समय हुई जब शहर के मेहरान इलाके में रसायन के एक ड्रम में आग लग गई और फैक्टरी में फैल गई।
पुलिस ने बताया कि अब तक 15 श्रमिकों के शव बरामद किए गए हैं और अब भी 20 से अधिक लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है। आग बुझाने की कोशिश में दो दमकलकर्मी घायल हो गए। मुख्य अग्निशमन अधिकारी मुबीन अहमद के हवाले से रिपोर्ट में कहा गया है कि आग पर काबू पा लिया गया है।
मुबीन ने कहा कि कारखाने की छत पर ताला लगा हुआ था और कारखाने में प्रवेश करने का एक ही रास्ता था, जिससे कामगारों का बचना मुश्किल हो गया। डॉन समाचार पत्र की खबर के मुताबिक सिंध के मुख्यमंत्री सैयद मुराद अली शाह ने कराची के आयुक्त और श्रम विभाग से घटना के संबंध में रिपोर्ट मांगी है।


Download Android App
Download iOS App



