चीन के वुहान से शुरू हुए कोरोना वायरस अब पूरी दुनिया में पैर पसार चुका है। इसको लेकर दुनियाभर में दहशत का माहौल बना हुआ है। देश में भी कोरोना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। जहां एक ओर कोरोना वायरस ने विश्व के 168 से अधिक देशों को अपनी चपेट लिया है ओर इस खतरनाक वायरस से 11,395 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है वहीं , करीब 270,971 लोग इससे संक्रमित हुए हैं।
लेकिन अच्छी खबर ये है कि भारत में अभी तक इटली,चीन जैसे हालात नहीं हुए है लेकिन अभी इससे बचने के लिए हमें कुछ सावधानियां बरतनी जरुरी है जिसको लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 22 मार्च को जनता कर्फ्यू का आह्वान किया है।
वहीं , इसको लेकर मौलाना कल्बे रुशैद रिज़वी ने 22 मार्च को होने वाले जनता कर्फ्यू का समर्थन करते हुए कहा कि ये देश हमारी इज्जत है हमारी शान है यदि इसका चेहरा मुस्कुराएगा तो हमारी इज्जत बढ़ेगी और यदि इसके चेहरे पर कोई शिकन आएगी तो हम दुनिया में कहीं भी इज्जत के साथ नहीं देखे जाएंगे। तो कल होने वाला एक दिन का वो (जनता कर्फ्यू) ऐलान जिसमें हमें अपने घर में रहना है और अपने आप को भीड़ से बचाना है। ये किसी एक व्यक्ति का ,एक पार्टी का या किसी हुकुमत का नहीं है बल्कि ये हर भारतवासी का फर्ज है कि वो हर वो काम करे कि देश उसपे फक्र भी कर सके और नाज भी कर सके।
इससे पहले देश में कोरोना वायरस के बढ़ते केस के चलते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार की रात राष्ट्र को संबोधित करते हुए 22 मार्च, रविवार को सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक जनता कर्फ्यू का आह्वान किया था। प्रधानमंत्री ने लोगों से खुद ही इस दौरान घर से बाहर नहीं निकलने की अपील की थी।


Download Android App
Download iOS App



