देश में कोरोना वायरस के मामलों में कमी को देखते हुए डेढ़ साल में पहली बार भारत जल्दी ही विदेशी पर्यटकों के लिए अपने दरवाजे खोलने को लेकर विचार कर रहा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी और कहा कि वैश्विक महामारी कोविड-19 के कारण मार्च 2020 में लगाए गए राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन से बुरी तरह प्रभावित पर्यटन, आतिथ्य और विमानन क्षेत्रों में नई जान डालने की कवायद में पहले पांच लाख विदेशी पर्यटकों को नि:शुल्क वीजा जारी किए जाएंगे।
केंद्रीय गृह मंत्रालय के शीर्ष अधिकारी विदेशी पर्यटकों को देश में आने देने के लिए संभावित तारीख और तौर-तरीकों पर सभी हितधारकों के साथ विचार-विमर्श कर रहे हैं। मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि विदेशी पर्यटकों को भारत आने देने की इजाजत दिये जाने के संबंध में एक औपचारिक घोषणा अगले दस दिन के भीतर की जा सकती है। यह फैसला देश में कोविड-19 के घटते मामलों के मद्देनजर लिया जा रहा है।
रविवार को देश में कोरोना वायरस के 30,773 नए मामले सामने आए जबकि उपचाराधीन मामले 3.32 लाख से कम हो गए हैं। शनिवार तक देश में 80 करोड़ लोगों का टीकाकरण किया जा चुका है। पर्यटकों को 31 मार्च 2022 तक नि:शुल्क वीजा अथवा पांच लाख नि:शुल्क वीजा (दोनों में से जो पहले पूरा हो) जारी किया जायेगा । देश में ई-पर्यटक वीजा मार्च 2020 से नहीं जारी किया जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App



